UP News: कानपुर के बिल्हौर में 15 अगस्त को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने एक भावुक पल देखने को मिला. कार्यक्रम से लौट रहे अखिलेश यादव को रास्ते में सपना यादव नाम की युवती ने रोककर अपनी नौकरी से जुड़ी समस्या बताई. सपना ने कहा कि उन्होंने BTC की ट्रेनिंग की है, लेकिन कई साल से प्राथमिक शिक्षक की नौकरी के लिए वैकेंसी नहीं आई. बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी कान की बाली उतारकर अखिलेश यादव को देने की पेशकश की और उनसे अगली बार सरकार बनाने की अपील की. हालांकि अखिलेश यादव ने बाली लेने से इनकार कर दिया और कहा कि वह सरकार बनाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
कौन हैं सपना यादव?
सपना यादव कानपुर के बिल्हौर इलाके के ककवन रोड कस्बे की रहने वाली हैं. उनके पिता शिक्षक रह चुके हैं और अब रिटायर हो चुके हैं. उनके परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं. सपना के मुताबिक, उनकी एक बहन शिक्षक हैं, जबकि उनका भाई भी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहा है.
सपना ने ग्रेजुएशन के बाद BTC की ट्रेनिंग की. उनके मुताबिक उन्होंने 2018 में BTC किया था, लेकिन इसके बाद से प्राथमिक शिक्षक के लिए वैकेंसी नहीं आई. नौकरी नहीं मिलने की परेशानी के चलते उन्होंने अखिलेश यादव के सामने अपनी बात रखने का फैसला किया.
सपना का कहना है कि वह किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ी नहीं हैं और अखिलेश यादव से मिलने या बाली देने की पेशकश के पीछे किसी राजनीतिक संगठन का दबाव नहीं था.
रास्ते में अखिलेश यादव का काफिला रुका, सपना ने रखी नौकरी की बात
15 अगस्त को अखिलेश यादव रसूलाबाद के दौरे से लौट रहे थे. उनका काफिला बिल्हौर के ककवन रोड से गुजर रहा था. सपना का घर भी इसी सड़क पर है.
सपना ने बताया कि जब उन्होंने देखा कि लोग अखिलेश यादव से मुलाकात कर रहे हैं तो वह भी उनसे मिलने पहुंचीं. उन्होंने अखिलेश यादव से प्राथमिक शिक्षक की वैकेंसी का मुद्दा लोकसभा या विधानसभा में उठाने की अपील की. सपना के मुताबिक, अखिलेश यादव ने उनसे कहा कि सरकार आने के बाद ही इस मामले में कुछ संभव हो पाएगा.
'लगा कि भैया मेरे लिए कुछ नहीं कर पा रहे'
सपना ने बताया कि अखिलेश यादव की बात सुनकर उन्हें लगा कि वह उनके लिए कुछ नहीं कर पा रहे हैं. इसी दौरान उनके मन में अपनी कान की बाली देने का विचार आया. उनके मुताबिक, उनके पास अपना कहने के लिए यही बाली थी और उन्होंने सोचा कि इसे देकर वह अखिलेश यादव की मदद कर सकती हैं. सपना ने अखिलेश यादव से कहा कि अगर सरकार बनाने में कोई कमी रह जाए तो वह अपनी बाली दे सकती हैं.
हालांकि, अखिलेश यादव ने उनकी बाली लेने से साफ इनकार कर दिया. सपना के मुताबिक, उन्होंने कहा कि वह उनकी बाली कैसे ले सकते हैं, लेकिन सरकार में आने के लिए पूरी कोशिश करेंगे.
'मेरे पास अपना क्या है? केवल बालियां'
सपना ने बताया कि उनके मन में यह भाव आया कि अगर अखिलेश यादव आर्थिक रूप से कमजोर हैं तो वह अपनी बाली देकर उनका सहयोग करें. उन्होंने कहा कि बाली की कीमत इस समय कम नहीं है और इससे मिलने वाला आर्थिक सहयोग चुनाव में काम आ सकता है. हालांकि, अखिलेश यादव ने बाली स्वीकार नहीं की. सपना का कहना है कि वह अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव से मुलाकात करना चाहती हैं.
नौकरी नहीं मिलने से परेशान हैं सपना
सपना ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि BTC करने के बाद भी उन्हें रोजगार का अवसर नहीं मिला. उनका कहना है कि महिलाओं के लिए सुरक्षा जरूरी है, लेकिन शिक्षा के बाद रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलना भी जरूरी है.
उन्होंने कहा कि अगर लड़कियों को अवसर नहीं मिलेंगे तो पढ़ाई के बावजूद वे घर तक सीमित रह जाएंगी. सपना के मुताबिक, वह पढ़ाई के बाद आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं और इसके लिए रोजगार का अवसर चाहती हैं.
योगी सरकार की सुरक्षा व्यवस्था को दिए नंबर, रोजगार पर उठाए सवाल
सपना ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्हें नंबर देती हैं और उनका सम्मान करती हैं. लेकिन उनका कहना है कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को अवसर नहीं मिल रहे हैं.
उन्होंने पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की. सपना ने कहा कि छात्रों और छात्राओं में इस वजह से काफी फ्रस्ट्रेशन है. उन्होंने महंगाई का भी जिक्र किया और कहा कि इसमें बदलाव की जरूरत है.
2027 में सरकार बदलने की उम्मीद
सपना का कहना है कि 10 साल हो चुके हैं और उन्हें लगता है कि छात्र सबसे ज्यादा परेशान हैं. उन्होंने रोजगार और महंगाई को लेकर बदलाव की जरूरत बताई. अखिलेश यादव को बाली देने की उनकी पेशकश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस घटना ने रोजगार के मुद्दे की ओर भी ध्यान खींचा है. सपना ने अखिलेश यादव से सरकार बनाने की अपील की. अब 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद ही पता चलेगा कि उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार बनती है.
ये भी पढ़ें: सपा नेता आजम खान के ठिकानों पर हुई छापेमारी तो भड़क गए अखिलेश यादव, जमकर सुना दिया
ADVERTISEMENT











