समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के 10 ठिकानों पर बुधवार सुबह ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद उत्तर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है. मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत रामपुर, सहारनपुर और नई दिल्ली में जारी इस कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया और इसे शिक्षा विरोधी मानसिकता का परिणाम बताया.
ADVERTISEMENT
यूनिवर्सिटी बनाने वालों पर छापेमारी-अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर निशाना साधते हुए लिखा कि शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी विरोधी मानसिकता रखने वाले भाजपाई और उनके संगी साथी यूनिवर्सिटी बनाने वालों के खिलाफ ईडी की कार्रवाई करवा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई केवल भाजपा के 'संकीर्ण सोच वाले समर्थकों को खुश करने' के लिए की जा रही है.
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में विभिन्न मुद्दों और भ्रष्टाचार के आरोपों की एक लंबी सूची साझा की जिनमें बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे में दरारें और गड्ढे, ढहते पुल और टपकती टंकियां, महाकुंभ के ठेकों और स्मार्ट सिटी योजनाओं के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप अन्य राज्यों में पकड़े जाने वाले भ्रष्ट पुलिसकर्मी और अवैध निर्माण में संलिप्त जनप्रतिनिधि जैसी बातें शामिल हैं.
जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट पर ईडी का फोकस
बता दें कि बुधवार सुबह ईडी की टीम ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े परिसरों और आजम खान के करीबियों के 10 ठिकानों पर एक साथ जांच शुरू की. केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में की जा रही इस कार्रवाई का मुख्य केंद्र यूनिवर्सिटी के निर्माण में कथित वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध फंडिंग की जांच है. ईडी अधिकारी खातों के रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाल रहे हैं.
फिलहाल ईडी की ओर से जब्ती या बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. लेकिन एक तरफ जहां आजम खान की कानूनी मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. वहीं अखिलेश यादव के इस करारे हमले के बाद भाजपा की ओर से पलटवार आने की पूरी संभावना है.
ये भी पढ़ें: मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा को दी नई जिम्मेदारी, 2027 चुनाव से पहले BSP का बड़ा दांव
ADVERTISEMENT











