IPS Anshika Verma on SP KK Bishnoi: उत्तर प्रदेश के चर्चित IPS अधिकारी केके बिश्नोई का संभल से तबादला होने के बाद शनिवार को पुलिस लाइन में विदाई समारोह आयोजित किया गया. करीब 1 साल 11 महीने तक संभल के SP रहे केके बिश्नोई को उनके कार्यकाल में 'सुपर कॉप' के तौर पर पहचान मिली. विदाई के दौरान 24 नवंबर 2024 की संभल हिंसा को याद करते हुए वह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. पास बैठे संभल के डीएम IAS अंकित खंडेलवाल ने उन्हें पानी पिलाकर संभाला.
ADVERTISEMENT
संभल हिंसा का जिक्र करते ही भर आईं आंखें
विदाई समारोह में केके बिश्नोई ने संभल में अपने कार्यकाल के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका को याद किया. जैसे ही उन्होंने 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा और उस दौरान पुलिस टीम के योगदान की चर्चा शुरू की, वह खुद को भावुक होने से नहीं रोक पाए. उन्हें इस तरह भावुक देखकर डीएम अंकित खंडेलवाल भी भावुक हो गए. समारोह में मौजूद पुलिसकर्मियों के लिए यह पल काफी भावुक रहा.
1 साल 11 महीने के कार्यकाल को किया याद
केके बिश्नोई ने संभल में अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस टीम के साथ किए गए कामों को याद किया. उन्होंने साफ कहा कि हिंसा पर नियंत्रण पाने और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किसी एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं थी, बल्कि पूरी पुलिस टीम की मेहनत का नतीजा थी. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों का आभार जताते हुए उनके सहयोग को याद किया.
IPS पत्नी अंशिका वर्मा का खास संदेश
केके बिश्नोई की भावुक विदाई के बाद उनकी पत्नी और बरेली में SP साउथ के पद पर तैनात IPS अधिकारी अंशिका वर्मा ने इंस्टाग्राम पर उनके लिए खास संदेश शेयर किया. उन्होंने केके बिश्नोई की तस्वीर के साथ लिखा, 'Always proud of you! Best wishes for the next assignment' यानी, 'मुझे हमेशा आप पर गर्व है. अगले असाइनमेंट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.' उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में है और लोग दोनों अधिकारियों की तारीफ कर रहे हैं.
बिजनौर के नए SP होंगे केके बिश्नोई
संभल में करीब 1 साल 11 महीने का कार्यकाल पूरा करने के बाद केके बिश्नोई का तबादला बिजनौर कर दिया गया है, जहां उन्हें पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. विदाई समारोह के अंत में उन्होंने भावुक होकर कहा, 'जहां रहेगा वहीं रौशनी लुटाएगा, किसी चराग का अपना मकां नहीं होता.' उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि संभल पुलिस ने टीम के तौर पर काम किया और हर चुनौती का सामना मिलकर किया. समारोह का यह भावुक पल अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है.
ADVERTISEMENT











