उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदेठी गांव में हुए मां-बेटी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. 17 अगस्त को घर में मिले पुष्पा देवी और उनकी बेटी मंजू यादव के शव के मामले में मृतका का पति सत्येंद्र यादव ही मुख्य आरोपी निकला. पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपी ने पूछताछ में हत्या की जो वजह और हैवानियत भरी वारदात बताई उसने पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए.
ADVERTISEMENT
कोर्ट केस और खर्च बढ़ने के डर से रची साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी सत्येंद्र यादव ने बताया कि उसकी पत्नी मंजू यादव उससे अलग अपने मायके में रह रही थी. उसने कोर्ट में भरण-पोषण और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था. अदालत ने सत्येंद्र को ₹3 लाख नकद और हर महीने ₹7000 भरण-पोषण देने का आदेश दिया था.
सत्येंद्र को आशंका थी कि ससुराल वाले दोबारा कोर्ट जाकर इस राशि को बढ़ाकर 20 से 25 हजार रुपये प्रति माह न करवा लें. इस डर से उसने अपनी सास और पत्नी को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. इसके लिए उसने अपनी मक्के की फसल बेचकर मिले ₹5 लाख में से ₹2.5 लाख अपने रिश्तेदार मुकेश यादव को इस साजिश में शामिल करने के लिए दिए.
कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा और दराती से रेता गला
15 अगस्त 2026 की शाम आरोपी सत्येंद्र अपने रिश्तेदार मुकेश के साथ नशीली दवा मिली कोल्ड ड्रिंक लेकर ससुराल पहुंचा. इसके बाद सास और पत्नी को कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया गया जिसके बाद गला रेतकर दोनों की हत्या कर दी गई.
लाश से उतारी पायल
हैवानियत की हद तब पार हो गई जब हत्या के बाद आरोपी ने खुन्नस में अपनी मृत पत्नी के पैरों से सुहाग का प्रतीक मानी जाने वाली पायल भी उतार ली. आरोपी का कहना था कि वह अपनी पत्नी को मृत स्थिति में भी सुहागन नहीं देखना चाहता था.
एनकाउंटर में गिरफ्तारी और बरामदगी
20 और 21 अगस्त की दरमियानी रात भरथना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने तुरैया पुल के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सत्येंद्र यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. इससे पहले वारदात में शामिल उसके सहयोगी मुकेश यादव को भी पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया था. पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मृतका के पैर से उतारी गई पायल बरामद कर ली है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
ADVERTISEMENT











