IPS आशुतोष मिश्रा की मां के मौत पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, बोले- उप्र में पुलिस ही सुरक्षित नहीं

यूपी तक

• 10:32 AM • 17 Aug 2026

अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत के मामले को लेकर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना को लेकर चिंता जताई.

Akhilesh Yadav On IPS Officer Mother Death (Photo Edit By AI)

Akhilesh Yadav On IPS Officer Mother Death (Photo Edit By AI)

Google CTA

Akhilesh Yadav On IPS Officer Mother Death: अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत के मामले को लेकर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना को लेकर चिंता जताई. अखिलेश यादव ने लिखा, 'अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है. उप्र में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, दुर्भाग्यपूर्ण!' उनके इस बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल महिला की हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है.

यह भी पढ़ें...

घर में अकेली थीं IPS की मां

मामला अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के धवरवा गांव का है. यहां लखनऊ में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां घर में अकेली रहती थीं. रविवार सुबह उनकी मौत की सूचना पुलिस को मिली थी. शुरुआती जानकारी में घर का दरवाजा बाहर से बंद मिलने, महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसे होने और गहने गायब होने की बात सामने आई थी. इसके बाद हत्या और लूट की आशंका जताई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या रेंज के IG समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था.

पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक की बात

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर कोई जाहिरा चोट या फाइट मार्क्स नहीं मिले. इसके बाद तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर फिलहाल मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, हार्ट को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, जिससे कार्डियक अरेस्ट की स्थिति को लेकर और स्पष्टता मिल सके. यानी अभी हत्या की पुष्टि करने वाला कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है.

गहने गायब होने की जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, महिला के गहने गायब होने की बात सामने आने के बाद इस पहलू की भी जांच की जा रही है. मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी है. दूसरी ओर, अखिलेश यादव के बयान ने मामले को राजनीतिक चर्चा में ला दिया है. उन्होंने महिला की मौत को हत्या मानते हुए यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है, जबकि पुलिस की मौजूदा जांच में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. अब हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट और गहने गायब होने से जुड़े तथ्यों से साफ होगा कि इस मामले में आगे क्या सामने आता है.