Hapur Talibani Assault Case: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है. बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में हुई मारपीट का 31 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दो युवक निहत्थे युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे और थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, मामूली कहासुनी के बाद युवक के साथ मारपीट की गई. मामले में पुलिस ने अंकित और गुरुमुख नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
ADVERTISEMENT
31 सेकंड के वीडियो में 19 बार किया हमला
मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के लालपुर गांव की मंदिर धर्मशाला का बताया जा रहा है. आरोप है कि यहां बैठे युवक विपिन के साथ अंकित और गुरुमुख ने मारपीट शुरू कर दी. वायरल वीडियो में दोनों युवक विपिन को जमीन पर गिराकर तालीबानी यातनाएं यानि लगातार लात-घूंसे और थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि महज 31 सेकंड की रिकॉर्डिंग में युवक पर 19 बार लात, घूंसे और थप्पड़ बरसाए गए. इस दौरान वहां मौजूद एक साथी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की.
शिकायत के बाद केस दर्ज हुआ
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित विपिन ने थाने में शिकायत दी थी. शिकायत में उसने अंकित और गुरुमुख पर मारपीट करने का आरोप लगाया. थाना प्रभारी के मुताबिक, 'वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है.' पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लालपुर गांव निवासी अंकित और सीतादेई निवासी गुरुमुख के रूप में हुई है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT











