इटावा में इस छोटी सी बात को लेकर हो गई राहुल यादव की गोली मारकर हत्या, पता चल गई पूरी कहानी

अमित तिवारी

• 02:48 PM • 16 Aug 2026

इटावा में पुरानी रंजिश के चलते 30 साल के राहुल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटते समय विवाद में फायरिंग हुई. छह महीने पुराने बिजली विवाद को हत्या की वजह बताया गया, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

 Etawah News

Etawah News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 30 साल के राहुल यादव के रूप में हुई है जिसे विवाद बढ़ने पर गोलियों से भून दिया गया.

यह भी पढ़ें...

घटना इटावा जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र स्थित पीपरीपुरा गांव की है. शनिवार की देर रात हुई इस वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहा था राहुल

जानकारी के अनुसार 30 साल का राहुल यादव शनिवार रात अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था. इसी दौरान उसे सूचना मिली कि गांव की पानी की टंकी के पास उसके चाचा और भतीजे को गांव के ही कुछ दबंग और उनके साथी रास्ते में रोककर पीट रहे हैं. सूचना मिलते ही राहुल तुरंत मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की.आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी और विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने असलहा निकालकर राहुल यादव पर सीधे फायरिंग कर दी. गोली लगते ही राहुल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

6 महीने पुराना बिजली की कटिया का विवाद बना हत्या की वजह

हत्याकांड की असली वजह का खुलासा मृतक राहुल यादव के दादा ने किया. उन्होंने बताया कि विवाद की शुरुआत करीब 6 महीने पहले बिजली का अवैध कटिया तार डालने को लेकर हुई थी.

मृतक के दादा के मुताबिक 'हमारे लड़के और राहुल ने आरोपियों को बिजली का कटिया तार डालने से रोका था. इसी बात को लेकर एक ही कुनबे के दो पक्षों में मनमुटाव और रंजिश शुरू हो गई थी. आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे और कह रहे थे कि गोली मार दूंगा और आखिरकार उन्होंने गोली मार ही दी.'

जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया.शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

इटावा पुलिस के अनुसार, यह विवाद एक ही कुनबे के दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रही पुरानी रंजिश का नतीजा है. पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है. आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और लगातार दबिश दी जा रही है.