उत्तर प्रदेश में दिवाली और छठ के दौरान बिजली कटौती से राहत देने के लिए सरकार ने तैयारी तेज कर दी है. प्रदेश के शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान पूरे राज्य में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने साफ कहा कि इस दौरान बिना जरूरत बिजली बंद करने और बार-बार कटौती करने की शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ADVERTISEMENT
सरकार के मुताबिक, त्योहारों के दौरान लोगों को बिजली की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग को पहले से जरूरी इंतजाम करने होंगे. मंत्री ने बिजली कनेक्शन काटने, नए कनेक्शन के आवेदनों और ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने से जुड़े मामलों पर भी निर्देश दिए हैं.
बकाया बिल पर त्योहारों में नहीं कटेगा बिजली कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि दिवाली, छठ और दूसरे त्योहारों के दौरान बकाया बिजली बिल के कारण उपभोक्ताओं के कनेक्शन न काटे जाएं. उनका कहना है कि त्योहारों के समय लोगों को बिजली की निर्बाध आपूर्ति मिलनी चाहिए.
हालांकि, उन्होंने बिजली चोरी के मामलों में कार्रवाई रोकने की बात नहीं कही है. मंत्री ने स्पष्ट किया कि संगठित तरीके से बड़े पैमाने पर बिजली चोरी करने वालों की पहचान कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए. दूसरी ओर, छोटे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए.
झटपट पोर्टल पर लंबित आवेदनों का निपटारा करने के निर्देश
नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले लोगों को भी राहत देने की तैयारी है. मंत्री ने बिजली विभाग को झटपट पोर्टल पर लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने को कहा है. जिन आवेदनों को खारिज कर दिया गया है, उनकी भी दोबारा समीक्षा की जाएगी. इसका मकसद पता लगाना है कि आवेदन क्यों खारिज हुए और व्यवस्था में कहां सुधार की जरूरत है.
झटपट पोर्टल के जरिए उपभोक्ता नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं. लंबित आवेदनों के जल्द निपटारे से उन लोगों को फायदा मिल सकता है, जो कनेक्शन मिलने का इंतजार कर रहे हैं.
समय पर बिल भरने वालों को कटौती से बचाने की तैयारी
मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि जो उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल भरते हैं, उन्हें दूसरे उपभोक्ताओं के बकाया बिल की वजह से परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने बिजली की ट्रिपिंग और आपूर्ति बाधित होने की समस्या दूर करने पर जोर दिया.
जहां ट्रांसफॉर्मर की क्षमता मौजूदा जरूरत के हिसाब से कम है, वहां उसे तुरंत बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. त्योहारों के दौरान बिजली की मांग बढ़ने पर ट्रांसफॉर्मर पर दबाव पड़ सकता है. क्षमता बढ़ाने से बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है.
ये भी पढ़ें - प्रयागराज में घर के आंगन में जमीन के नीचे छिपा था करोड़ों का कैश, ₹500 के नोटों से भरे 3 ड्रम मिले, 2 सगे भाई पकड़े गए
ADVERTISEMENT











