बाराबंकी में मतदान से ठीक पहले ही भिड़े BJP और SP कार्यकर्ता, बूथ लगाने को लेकर हो गई झड़प

यूपी एमएलसी चुनाव से पहले बाराबंकी में बूथ लगाने को लेकर बीजेपी और सपा कार्यकर्ता भिड़ गए. दोनों पक्षों में हाथापाई और तीखी बहस हुई. विवाद के बीच 11 विधान परिषद सीटों पर मतदान शुरू हुआ, प्रशासन सतर्क है.

UP MLC Election 2026: Barabanki

UP MLC Election 2026: Barabanki

Google CTA

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया है. मतदान प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले बाराबंकी जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां मतदान शुरू होने से एक रात पहले ही बूथ (कैंप) लगवाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. दोनों पक्षों के बीच विवाद, हाथापाई और जमकर गाली-गलौज की स्थिति बन गई जिसके बाद मौके पर भारी तनाव देखने को मिला.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा विवाद? 

बाराबंकी में स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान से पूर्व कल रात ही दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. विवाद इस बात को लेकर था कि चौराहे के पास पहले बूथ कौन लगाएगा.

सपा और भाजपा के अपने-अपने दावे: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि उन्होंने वहां पहले अपना टेंट लगाया था. लेकिन सत्ता और शासन का रोब दिखाते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने वहां कब्जा कर लिया. वहीं दूसरी ओर बीजेपी की जिला उपाध्यक्ष और विधानसभा प्रभारी रचना श्रीवास्तव ने सफाई देते हुए बताया कि वह स्थान उनके कार्यकर्ता की मार्केट के पास था और उनका टेंट पहले से वहां मौजूद था. जब सपा कार्यकर्ताओं ने उसके पास टेंट लगाने की कोशिश की और विरोध करने पर अभद्रता की, तब जाकर बहस हुई.

आमने-सामने लगे कैंप और तीखी तकरार

विवाद बढ़ने के बाद दोनों दलों ने अपनी-अपनी जिद के चलते आमने-सामने ही अपने कैंप और टेंट लगा लिए. इस झड़प के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर नोंकझोंक और तनातनी का माहौल रहा जिसका असर चुनावी गहमागहमी पर भी साफ दिखाई दिया.

यूपी एमएलसी चुनाव का आज चल रहा है मतदान

गौरतलब है कि राज्य के 72 जिलों में (कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर) 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो चुका है जो शाम 4 बजे तक चलेगा. इस चुनाव में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं और 152 प्रत्याशी मैदान में हैं जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है.

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में इलाहाबाद-झांसी स्नातक MLC चुनाव शुरु, कैसा है पोलिंग बूथ पर माहौल?