Ghaziabad Railway Station Mobile Blast News: गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फोन में अचानक हुए ब्लास्ट से 26 साल युवक गंभीर रूप से झुलस गया. ग्रेटर नोएडा के दनकौर निवासी मोहम्मद माजिद 8 अगस्त की शाम निजी काम से लौट रहे थे और स्टेशन पर मौजूद थे. इसी दौरान उनकी जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होने लगा और कुछ ही पल बाद जोरदार धमाका हो गया. हादसे में उनके दोनों हाथ, शरीर का निचला हिस्सा और प्राइवेट पार्ट तक झुलस गया. परिवार के मुताबिक, जिस मोबाइल में ब्लास्ट हुआ, वह करीब एक महीने पहले ही खरीदा गया था.
ADVERTISEMENT
अचानक गर्म हुआ फोन और फिर हुआ ब्लास्ट
मोहम्मद माजिद के मुताबिक, घटना के समय मोबाइल उनकी जेब में रखा हुआ था और सब कुछ सामान्य था. अचानक उन्हें महसूस हुआ कि जेब में रखा फोन तेजी से गर्म हो रहा है. वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मोबाइल में जोरदार धमाका हो गया. धमाके की आवाज सुनकर गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और घायल माजिद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
दोनों हाथ और शरीर का निचला हिस्सा झुलसा
मोबाइल में हुए ब्लास्ट से माजिद के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए. इसके अलावा शरीर के निचले हिस्से में भी चोट आई और प्राइवेट पार्ट तक जल गया. अस्पताल में उनका इलाज कराया गया. फिलहाल इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है. हालांकि, इस घटना ने परिवार की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि फोन अचानक जेब में ही फट गया.
एक महीने पहले ही खरीदा था मोबाइल
माजिद के मामा हारून के मुताबिक, जिस मोबाइल में धमाका हुआ, उसे करीब एक महीने पहले ही खरीदा गया था. परिवार का कहना है कि फोन कोई पुराना या लंबे समय से खराब पड़ा हुआ डिवाइस नहीं था. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर नया मोबाइल जेब में अचानक इतना गर्म क्यों हुआ और फिर उसमें ब्लास्ट कैसे हो गया.
परिवार मोबाइल की तकनीकी जांच कराने की मांग कर रहा है, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके. माजिद का कहना है कि अगर फोन के आसपास कोई और व्यक्ति होता तो वह भी इस हादसे की चपेट में आ सकता था. उन्होंने मोबाइल बनाने वाली कंपनी और उस शोरूम पर भी सवाल उठाए हैं, जहां से फोन खरीदा गया था.
बैटरी में खराबी थी या कोई और वजह?
मोबाइल फोन में ब्लास्ट होने के पीछे कई तकनीकी कारण हो सकते हैं. हालांकि, माजिद के मामले में वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. परिवार यह जानना चाहता है कि क्या बैटरी में कोई खराबी थी, फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हुआ या फिर इसमें किसी तरह का मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट था. फिलहाल इन सवालों का जवाब तकनीकी जांच के बाद ही मिल सकेगा.
ADVERTISEMENT











