उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बुधवार शाम अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में गए 18 साल के एलएलबी के छात्र रोहन राठी का खून से लथपथ शव गांव के बाहर नाले में पड़ा मिला. रोहन हरेटी गांव के मौजूदा प्रधान विवेक राठी का इकलौता बेटा था.
ADVERTISEMENT
घटना की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया और पुलिस-प्रशासन में हड़कंप आ गया. शव पर मिले गंभीर चोटों के निशानों से आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी बेरहमी से हत्या की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का मुआयना किया और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पुलिस की 3 विशेष टीमों का गठन कर दिया है. इस वारदात के बाद से न केवल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है बल्कि राजनीतिक गलियारों और स्थानीय लोगों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.
बर्थडे पार्टी से लापता हुआ रोहन और नाले में मिली बॉडी
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरेटी के रहने वाले प्रधान विवेक राठी का 18 साल का बेटा रोहन राठी एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था. बुधवार शाम वह अपने किसी दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था. देर रात तक जब रोहन वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.
गुरुवार तड़के जब गांव के किसान खेतों की ओर जा रहे थे तब उन्होंने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा. ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान विवेक राठी को सूचना दी. मौके पर पहुंचकर जब नाले में पड़े युवक का चेहरा साफ किया गया तो उसकी पहचान रोहन के रूप में हुई. इकलौते बेटे का शव देखते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई.
फॉरेंसिक और 3 टीमें तफ्तीश में जुटीं
रोहन के पूरे शरीर पर लाठी-डंडों और चोटों के गहरे निशान हैं. घटना की सूचना पर मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए.
एसपी सिटी, अमृत जैन ने बताया कि 'थाना पुरकाजी क्षेत्र में खेतों के पास नाले में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी. मृतक की पहचान कर शव को पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है. घटना के सफल अनावरण और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसओजी सहित 3 टीमों का गठन किया गया है. सीसीटीवी, जीपीएस और सीडीआर जैसी तमाम तकनीकों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.'
48 घंटे में खुलासे की मांग
वारदात के बाद मौके पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने घटना पर गहरा दुख जताया. उन्होंने बताया कि विवेक राठी का रोहन इकलौता बेटा था और उनकी गांव या आसपास किसी से कोई रंजिश नहीं थी.
बीकेयू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा 'कप्तान साहब (एसएसपी) और एसपी सिटी से बात हुई है. उन्होंने 48 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया है. हम चाहते हैं कि यूपी पुलिस की सख्त कार्यशैली के तहत दोषियों पर ऐसी कार्रवाई हो कि कोई दोबारा ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे.
अखिलेश यादव ने भी दिया ये रिएक्शन
इस खौफनाक वारदात ने राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ लिया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर परिजनों के प्रति संवेदना जताई और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए.
अखिलेश यादव ने लिखा 'यह एक बेहद दुखद समाचार है कि मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरैटी गांव में ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते बेटे रोहन राठी की लाठी-डंडों से पीटकर बेरहमी से हत्या की गई है. इस दुखद समाचार से पूरे पश्चिमी यूपी में गुस्सा और नाराजगी है. इस मामले में टीम बनाकर जांच करने का दिखावा न किया जाए, हत्यारों का जल्द से जल्द पर्दाफाश हो. दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. न्याय हो.'
फिलहाल पुलिस रोहन के उन दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है जो बुधवार शाम बर्थडे पार्टी में उसके साथ मौजूद थे. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर हत्यारों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
ADVERTISEMENT











