सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र स्थित जनियाजोत गांव से एक हैरान और दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां सोमवार को शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं मंगलवार की सुबह दूल्हा और दुल्हन संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में मृत पाए गए. शादी के अगले ही दिन हुई इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा और मातम पसर गया है.
ADVERTISEMENT
लंबे अफेयर के बाद हुई थी सहमति से शादी
जनियाजोत गांव निवासी 21 वर्षीय देशराज चौहान मुंबई में भंगार (कबाड़) का काम करता था और शादी के लिए करीब 20 दिन पहले ही गांव आया था. उसका जोगिया थाना क्षेत्र की रहने वाली अनीता चौहान के साथ लंबे समय से अफेयर चल रहा था. दोनों के रिश्ते को देखते हुए परिवार वालों की सहमति से सोमवार को बांसी के एक मंदिर में दोनों की शादी कराई गई थी.
छत पर सोए थे घरवाले, सुबह दरवाजा धक्का देने पर खुला
शादी के बाद घर में रिश्तेदारों की चहल-पहल थी. रात करीब 8 बजे सभी ने साथ खाना खाया और गर्मी की वजह से ज्यादातर लोग छत पर सोने चले गए. नीचे कमरे में सिर्फ दूल्हा-दुल्हन मौजूद थे.
दूल्हे की मौसी मीनाक्षी के मुताबिक, सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो परिजन आवाज देने गए. कोई जवाब न मिलने पर जब दरवाजे को हल्का सा धक्का दिया गया, तो दरवाजा खुल गया.
कमरे के अंदर का खौफनाक मंजर
दरवाजा खुलते ही परिजनों की चीख निकल गई. 21 वर्षीय देशराज चौहान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ था.कुछ ही दूरी पर जमीन पर लगे बिस्तर पर नई-नवेली दुल्हन अनीता मृत पड़ी थी. दुल्हन की बहन ने बताया कि दरवाजे में बाहर की तरफ कुंडी थी. लेकिन अंदर से कुंडी नहीं लगी थी. रात में किसी तरह के झगड़े या चीख-पुकार की आवाज भी किसी को सुनाई नहीं दी.
दुल्हन की बहन ने जताई हैरानी
दुल्हन की बहन ने बताया कि दोनों की शादी आपसी सहमति से हुई थी. शादी से पहले देशराज की तबीयत खराब होने (टाइफाइड बुखार) की बात भी सामने आई थी और वह अनीता को नवगढ़ से दवाई करवाने के बहाने गांव लेकर आया था. दुल्हन की बहन का कहना है कि समझ नहीं आ रहा कि आखिर अंदर क्या हुआ, क्योंकि अगर कोई खटपट या विवाद होता तो आवाज बाहर जरूर आती.
पुलिस और प्रशासन का बयान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. पुलिस अधिकारी के अनुसार:
"22 सितंबर को थाना बांसी के ग्राम जनियाजोत से सुबह 6 से 7 बजे के बीच सूचना प्राप्त हुई. मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. पूछताछ में घरवालों ने घटना की कोई वजह नहीं बताई है और कहा कि कल ही शादी हुई थी. आगे पोस्टमार्टम रिपोर्ट (PM Report) के आधार पर ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी."
फिलहाल, सुहागरात की उस रात कमरे के अंदर क्या हुआ, यह सवाल पहेली बना हुआ है. पूरे गांव और परिजनों को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच का इंतजार है.
ये भी पढ़ें: मायावती के छोटे भतीजे ईशान आनंद को लेकर बड़ा फैसला, BSP में बनाया राष्ट्रीय संयोजक
ADVERTISEMENT











