उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां शादी के महज 24 घंटे के भीतर ही शादीशुदा कपल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जिस घर में कल तक शहनाइयां बज रही थीं और हंसी-खुशी का माहौल था वहां अचानक मातम पसर गया. बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव में शादी की अगली ही सुबह कमरे का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए. 21 साल का दूल्हा देशराज कमरे में मृत हालत में मिला. वहीं दुल्हन भी बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थी. घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और दोनों परिवारों में कोहराम मचा है.
ADVERTISEMENT
सुबह कमरे का दरवाजा धकेला तो उड़े होश
सोमवार को शादी होने के बाद रात में रिश्तेदार भोजन करके भीषण गर्मी की वजह से छत पर सोने चले गए थे. मंगलवार सुबह जब दूल्हे की मौसी मीनाक्षी दोनों को जगाने के लिए कमरे के पास पहुंचीं और आवाज दी तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया. मौसी ने जब दरवाजे को हल्का धकेला तो वह खुल गया क्योंकि दरवाजा अंदर से बंद नहीं था. अंदर का नजारा देखकर उनकी चीख निकल गई. दूल्हा देशराज फांसी लगा ली थी. वहीं दुल्हन अनिता बिस्तर पर अचेत पड़ी थी. मौसी के शोर मचाने पर घर और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. इसके बाद दूल्हे के पिता ने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी.
प्रेम-प्रसंग के बाद मंदिर में रचाई थी शादी
जनियाजोत गांव के रहने वाले 21 साल के देशराज चौहान मुंबई में स्क्रैप का काम करता था. जबकि उसके पिता दिल्ली में सब्जी का कारोबार करते हैं. देशराज का जोगिया थाना क्षेत्र की रहने वाली अनिता चौहान के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. परिजनों की सहमति से करीब 3 महीने पहले ही दोनों का रिश्ता तय हुआ था.
अचानक घर पहुंची थी दुल्हन
देशराज शादी के सिलसिले में 20 दिन पहले मुंबई से गांव लौटा था. इसकी जानकारी मिलते ही अनिता भी 15 दिन पहले उसके घर आ पहुंची थी. इसके बाद बीते सोमवार को बांसी स्थित टेकधर मंदिर में दोनों परिवारों की रजामंदी से धूमधाम से शादी करा दी गई थी.
मौत पर गहराया सस्पेंस
इस दर्दनाक हादसे के बाद घटना की वजह को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. क्योंकि दोनों के बीच कोई विवाद या अनबन नहीं थी. दुल्हन की बहन अनिता ने घटना पर संदेह जताते हुए कहा कि शादी दोनों की रजामंदी से हुई थी. अगर दोनों के बीच कोई झगड़ा होता तो आवाज बाहर आती. सबसे बड़ा सवाल यह है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद ही नहीं था और बाहर से कुंडी लगी थी. ऐसे में यह समझ पाना मुश्किल है कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ. दुल्हन की बहन ने यह भी बताया कि शादी से पहले देशराज ने बीमार होने और टाइफाइड बुखार होने की बात कही थी. लेकिन उसने सही से इलाज नहीं कराया था.
फॉरेंसिक जांच और पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बांसी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने क्या बताया
क्षेत्राधिकारी (CO) बांसी शुबेन्दु सिंह ने बताया कि '22 सितंबर की सुबह जनियाजोत गांव से नवदंपति की मौत की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया. परिजनों से पूछताछ में अभी मौत का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.' फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है ताकि यह साफ हो सके कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है.
ADVERTISEMENT











