लखीमपुर खीरी में एक्स गर्लफ्रेंड को स्कूल में घुसकर गोली मारने वाले का ये CCTV आया सामने, जबरदस्ती खींचते हुए दिखा सऊद अंसारी

अभिषेक वर्मा

22 Sep 2026 (अपडेटेड: 22 Sep 2026, 09:57 AM)

लखीमपुर खीरी के स्कूल में शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है. आरोपी सऊद अंसारी ने वारदात के बाद खुद को भी गोली मार ली. पुलिस स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और CCTV फुटेज की जांच कर रही है।.

Lakhimpur Kheri CCTV Footage

Lakhimpur Kheri CCTV Footage

Google CTA

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में स्कूल के भीतर हुई महिला शिक्षिका की हत्या में अब एक नया मोड़ सामने आया है. वारदात का एक सनसनीखेज CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सऊद अंसारी शिक्षिका निशात फातिमा को जबरन घसीटते हुए ऊपर की मंजिल पर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है. इसके बाद आरोपी ने क्लासरूम के ठीक सामने शिक्षिका के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी उड़ा लिया.

यह भी पढ़ें...

वायरल CCTV फुटेज में क्या दिखा?

सामने आए वायरल सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि 27-28 साल का सऊद अंसारी बैग टांगे स्कूल परिसर के भीतर दाखिल होता है. वह ग्राउंड फ्लोर पर शिक्षिका निशात फातिमा से मिलता है. इसके बाद वह जबरदस्ती निशात को घसीटते हुए सीढ़ियों के रास्ते ऊपर कॉरिडोर में ले जाता दिखाई दे रहा है. इस दौरान स्कूल का एक स्टाफ भी शंका होने पर उनके पीछे जाता दिखता है. लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सीढ़ियों के ऊपर पहुंचते ही सऊद महिला टीचर निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या कर देता है. 

ब्रेकअप से नाराज होकर बैग में लाया था तमंचा

जानकारी के मुताबिक, करीब 26 साल की निशात फातिमा पिछले करीब एक साल से चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में पढ़ा रही थीं. उनका सऊद अंसारी के साथ प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि हाल ही में निशात ने सऊद से ब्रेकअप कर लिया था जिससे सऊद बेहद नाराज चल रहा था. इसी रंजिश में सऊद सोमवार सुबह अपने बैग में तमंचा छिपाकर स्कूल पहुंच गया.बातचीत के बहाने वह निशात को ऊपर ले गया और कॉरिडोर में बहस के दौरान अचानक बैग से तमंचा निकालकर सीधे निशात के सिर में गोली मार दी. निशात की मौके पर ही मौत हो गई जिसके तुरंत बाद सऊद ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी.

स्कूल में फैली दहशत

यह दिल दहला देने वाली वारदात उस वक्त हुई जब पास के ही क्लासरूम्स में मासूम बच्चे पढ़ाई कर रहे थे. कक्षा के ठीक बाहर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर बच्चों, शिक्षकों और पूरे स्कूल स्टाफ में चीख-पुकार मच गई.डर के मारे मासूम बच्चे सहम गए.स्कूल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला.

सुरक्षा SOP की होगी जांच

शहर के बीचों-बीच कलेक्ट्रेट के पास स्थित स्कूल में दो मौतों की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. लखीमपुर खीरी के डीएम अंजलि कुमार सिंह और एसपी ख्याति गर्ग भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सील कर दिया.

घटना को लेकर लखीमपुर खीरी की एसपी ख्याति गर्ग ने बताया कि 'सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में गोली चली है. प्राथमिक जांच में सामने आया कि शिक्षिका निशात फातिमा से मिलने मोहम्मद सऊद आया था. बातचीत के दौरान सऊद ने बैग से तमंचा निकालकर शिक्षिका पर फायर किया और फिर खुद को गोली मार ली. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.'

एसपी ने आगे बताया, 'शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है. इसके साथ ही इस बात की भी गहनता से जांच की जा रही है कि आरोपी हथियार लेकर स्कूल परिसर के अंदर कैसे दाखिल हुआ. स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों, एंट्री सिस्टम और सुरक्षा से जुड़े SOP की जांच की जा रही है और कहीं भी लापरवाही पाए जाने पर सख्त सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी.'

ये भी पढ़ें: परिवार में उलझीं मायावती, 2027 यूपी विधानसभा चुनाव में BSP क्या होगा? आंकड़ों ने दिखाई ये तस्वीर