Lakhimpur Kheri School Shooting News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को शहर के बीचोंबीच स्थित एक स्कूल में सनसनीखेज वारदात सामने आई. सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड शिक्षिका को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. घटना में शिक्षिका निशात फातिमा और युवक मोहम्मद सऊद की मौके पर ही मौत हो गई. गोली चलने की आवाज से स्कूल में हड़कंप मच गया. उस समय क्लासरूम में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, जिससे उनमें भी दहशत फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची.
ADVERTISEMENT
ब्रेकअप से नाराज था ब्वॉयफ्रेंड
बताया जा रहा है कि करीब 26 साल की निशात फातिमा चिल्ड्रंस एकेडमी में शिक्षिका थीं और करीब एक साल से वहां पढ़ा रही थीं. वहीं मोहम्मद सऊद की उम्र करीब 27-28 साल बताई जा रही है. दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, निशात फातिमा ने सऊद से ब्रेकअप कर लिया था. आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सऊद सोमवार को बैग में तमंचा लेकर स्कूल पहुंच गया. वह पहले स्कूल के ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचा और निशात से मिलने की बात कही.
गर्लफ्रेंड को दूसरी मंजिल पर ले गया
जानकारी के अनुसार स्कूल पहुंचने के बाद सऊद ने निशात फातिमा को नीचे बुलाया. दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई. इसके बाद वह निशात को लेकर सीढ़ियों के रास्ते स्कूल की दूसरी मंजिल पर बने कॉरिडोर में चला गया. बताया जा रहा है कि स्कूल के एक स्टाफ सदस्य ने दोनों को ऊपर जाते देखा और उनके पीछे चला गया. इसी दौरान कॉरिडोर में दोनों के बीच बातचीत चल रही थी. कुछ ही देर बाद वहां मौजूद लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी. इसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस के मुताबिक बातचीत के दौरान मोहम्मद सऊद ने अपने बैग से तमंचा निकाला और निशात फातिमा पर फायर कर दिया. गोली लगने से शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई. इसके तुरंत बाद सऊद ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई. वारदात स्कूल की दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में हुई. घटना के वक्त स्कूल में बच्चे और शिक्षक मौजूद थे. गोली चलने की जानकारी मिलते ही स्कूल के अन्य स्टाफ में भी दहशत फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई.
गोली चलने से स्कूल में मचा हड़कंप
स्कूल के अंदर गोली चलने की खबर फैलते ही बच्चों में डर का माहौल बन गया. शिक्षक और स्कूल स्टाफ भी घबरा गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. स्कूल से बच्चों के बाहर निकलने के विजुअल भी सामने आए हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की.
डीएम और एसपी समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे
शहर के बीचोंबीच स्कूल में दो लोगों की मौत की सूचना मिलने के बाद जिले के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. लखीमपुर खीरी की डीएम अंजलि कुमार सिंह और एसपी ख्याति गर्ग भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं. फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्कूल परिसर में मौजूद लोगों से जानकारी ली. पुलिस की ओर से मृतकों के परिवार से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
एसपी ने बताया घटनास्थल पर क्या हुआ
लखीमपुर खीरी की एसपी ख्याति गर्ग ने घटना को लेकर बताया, 'यह लगभग 11:30 बजे के करीब चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल है. यह क्लास फिफ्थ तक स्कूल है. यहां से एक सूचना प्राप्त हुई, जिस सूचना के क्रम में घटनास्थल कुछ इस प्रकार पाया गया कि यहां एक टीचर पढ़ाती हैं, निशात फातिमा. लगभग 1 साल से यहां पर पढ़ाती थीं. लगभग 26 साल की लड़की हैं निशात फातिमा और उनसे मिलने के लिए यहां एक लड़का आया था, लगभग 27-28 साल का. उसका नाम मोहम्मद सऊद है.'
बातचीत के दौरान बैग से निकाला तमंचा
एसपी ने आगे बताया कि मोहम्मद सऊद ग्राउंड फ्लोर पर निशात से मिलने आया था और इसके बाद दोनों सीढ़ियों के रास्ते ऊपर कॉरिडोर में गए. उन्होंने कहा, 'यह लड़का उसे मिलने आया ग्राउंड फ्लोर पर और उसको लेकर यहां सीढ़ी के रास्ते ऊपर कॉरिडोर गया और वहां जाकर आपस में कुछ बातचीत कर रहे थे. इस बातचीत के क्रम में चिल्ड्रंस एकेडमी का कोई स्टाफ भी उनके पीछे गया. जब वहां कॉरिडोर में पहुंचे तो बातचीत के बीच उस लड़के ने अपने बैग से एक तमंचा निकालकर उस लड़की के ऊपर फायर किया और फिर अपने ऊपर फायर कर लिया. मौके पर लड़की निशात फातिमा और लड़का मोहम्मद सऊद दोनों की मृत्यु हो गई है.'
कैमरों और सुरक्षा व्यवस्था की भी होगी जांच
एसपी ख्याति गर्ग ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम मौजूद है और सभी अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवार से संपर्क कर बातचीत की जा रही है और अन्य सभी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एसपी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कुछ और बातें स्पष्ट हो सकेंगी. इसके अलावा स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जाएगी. उन्होंने बताया कि स्कूल में लगे कैमरों की स्थिति, वहां प्रवेश की प्रक्रिया और सुरक्षा से जुड़े SOP की जांच की जाएगी.
ADVERTISEMENT











