Hardoi Husband Wife Dispute: उत्तर प्रदेश के हरदोई में पति-पत्नी के बीच विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. साधना नाम की महिला ने अपने पति दीपक पर मारपीट करने, उसकी नाक काटने और नाली में फेंकने का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि घटना के दौरान उसके सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे. वहीं, दीपक के परिवार ने महिला पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि विवाद के दौरान साधना ने दीपक के प्राइवेट पार्ट पर काट लिया और इसके बाद खुद को घायल कर लिया. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
ढाई महीने पहले घर छोड़कर गई थी महिला
पुलिस के मुताबिक साधना करीब ढाई महीने पहले अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ रहने के लिए पति का घर छोड़कर चली गई थी. गुरुवार को वह अचानक पड़ोसी की छत से कूदकर अपने पति के घर पहुंची. उसके अचानक लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. सांडी थाने के SHO पुष्पराज के मुताबिक महिला के अचानक वापस आने के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ. इसी दौरान दीपक ने उसके साथ मारपीट की और उसकी नाक काट ली. घटना के बाद आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई. पुलिस ने दीपक को हिरासत में ले लिया.
नाक काटकर नाली में फेंका
साधना का आरोप है कि विवाद के दौरान उसके पति ने उसके सिर पर हमला किया और फिर उसकी नाक काट ली. महिला के मुताबिक, उसे नाली में भी फेंक दिया गया. उसने दावा किया कि जब उसके साथ यह सब हो रहा था, तब उसकी सास और ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे. घटना के बाद पुलिस ने साधना को पहले सांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. हालांकि पुलिस के अनुसार साधना की ओर से अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
पति के परिवार ने किया ये दावा
दूसरी तरफ दीपक के परिवार ने साधना के आरोपों से अलग कहानी बताई है. दीपक की मां का दावा है कि उनकी बहू करीब ढाई महीने पहले इलाके के एक युवक के साथ चली गई थी. बताया गया कि वह युवक दीपक का दोस्त भी था. उस समय पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी और बाद में समझौता हो गया था. दीपक की मां के मुताबिक साधना गुरुवार को अचानक वापस आई और बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगी. इसी बात को लेकर विवाद हुआ. उनका आरोप है कि इसी दौरान साधना ने कथित तौर पर दीपक के प्राइवेट पार्ट पर काट लिया और बाद में जमीन पर सिर पटककर खुद को घायल कर लिया. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
दस साल पहले हुई थी शादी
साधना और दीपक की शादी करीब दस साल पहले हुई थी. दोनों की तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र आठ, छह और तीन साल बताई गई है. पुलिस के मुताबिक फिलहाल दीपक की मां की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि साधना की तरफ से कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











