उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई एक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. नजीबाबाद थाना क्षेत्र में स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे 40 साल के प्राथमिक शिक्षक नौशाद अहमद को एक युवक ने बेहद करीब से पेट में गोली मार दी. अस्पताल ले जाते वक्त ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान शाम को उनकी मौत हो गई. इस सनसनीखेज हत्या में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब खाकी की दबिश से पहले ही आरोपी खुद पिस्तौल लेकर थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया.
ADVERTISEMENT
स्कूल से महज 150 मीटर दूर घेरा और मार दी गोली
राहतपुर खुर्द गांव के रहने वाले नौशाद अहमद पुरुषोत्तमपुर प्राथमिक विद्यालय में सरकारी शिक्षक थे. मंगलवार को रोज की तरह दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपनी बाइक से घर के लिए निकले थे. स्कूल से करीब 150 मीटर आगे पहुंचते ही 30 साल के आरोपी गौरव राठी ने उन्हें रोक लिया और अचानक बेहद करीब से उनके पेट में गोली दाग दी. गोली लगते ही नौशाद खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े. जब तक आसपास के लोग मौके पर दौड़ते आरोपी वहां से फरार हो चुका था.
एम्स ऋषिकेश में हुई मौत
फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत नौशाद को नजीबाबाद के एचएमएच अस्पताल पहुंचाया. हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। परिजन और ग्रामीण उन्हें लेकर एम्स पहुंचे. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद शाम करीब 5 बजे नौशाद ने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
कातिल खुद पहुंचा पुलिस के पास
वारदात के बाद पुलिस अभी आरोपी की तलाश में नाकेबंदी कर ही रही थी कि आरोपी गौरव राठी खुद नजीबाबाद थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया. पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया. शुरुआती जांच में पता चला है कि नौशाद अहमद शिक्षण कार्य के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे. आशंका जताई जा रही है कि जमीन या रुपयों के किसी पुराने लेनदेन को लेकर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है.
दो शादियां और 5 बच्चों की जिम्मेदारी
नौशाद अहमद के जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.उनके परिवार में मां के अलावा दो पत्नियां भूरी, शबाना और 5 बच्चे हैं. पहली पत्नी भूरी से उनकी दो बेटियां और एक बेटा है. जबकि दूसरी पत्नी शबाना से एक बेटा और एक बेटी है. बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है. जबकि बाकी बच्चे अभी छोटे हैं.दोनों पत्नियां और बच्चे एक ही घर में साथ रहते हैं.
पुलिस का क्या कहना है?
नजीबाबाद थाना प्रभारी (SHO) अमित कुमार ने बताया कि आरोपी गौरव राठी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस के मुताबिक 'आरोपी से पूछताछ जारी है. फिलहाल हत्या की सटीक वजह पर कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगा. पीड़ित परिवार की तरफ से मिलने वाली शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.' फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के बयानों का मिलान कर रही है ताकि हत्या की असली वजह का पर्दाफाश हो सके.
ADVERTISEMENT











