सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद पर देर रात हमला, भीड़ ने कार को घेरकर शीशे तोड़े; क्यों हुआ ये सब?

आलमगीर

• 10:50 AM • 19 Sep 2026

उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बखिरा थाना क्षेत्र में लोगों ने समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को घेर लिया.

SP MP Pappu Nishad Car Attack

SP MP Pappu Nishad Car Attack News

Google CTA

SP MP Pappu Nishad Car Attack: उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बखिरा थाना क्षेत्र में लोगों ने समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को घेर लिया. भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ की और पथराव भी किया, जिससे गाड़ी का एक शीशा टूट गया. घटना अमरदोभा चौराहे के पास हुई. हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने सांसद को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला. बाद में मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.

यह भी पढ़ें...

सड़क पर बैठ गए थे लोग

जानकारी के मुताबिक बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकला था. जुलूस अमरदोभा होते हुए आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर पुलिस ने डीजे वाहन के खिलाफ कार्रवाई की और उसे थाने ले जाने की बात कही. पुलिस की इस कार्रवाई से जुलूस में शामिल लोग नाराज हो गए. विरोध में लोगों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और विसर्जन रोक दिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिस ने डीजे वाहन की तस्वीरें भी ली थीं, जिसके बाद कार्रवाई की बात सामने आई थी.

उसी रास्ते से गुजर रही थी सांसद की गाड़ी

बताया जा रहा है कि जब लोग सड़क पर बैठकर पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे थे, उसी दौरान खलीलाबाद की तरफ से सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी वहां पहुंच गई. सांसद की गाड़ी भीड़ के बीच फंस गई. इसके बाद लोगों ने वाहन को चारों तरफ से घेर लिया. स्थिति अचानक बिगड़ गई और वाहन पर पथराव शुरू हो गया. हमले में गाड़ी की एक खिड़की का शीशा टूट गया. सांसद की ओर से भी घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है.

पुलिस ने भीड़ के बीच से सांसद को निकाला

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की. एएसपी सुशील कुमार सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस ने सपा सांसद को सुरक्षा घेरे में लेकर भीड़ से बाहर निकाला. उन्हें सुरक्षित थाने पहुंचाया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े.

सांसद ने कार्रवाई की मांग की

घटना के बाद सांसद लक्ष्मीकांत निषाद थाने पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की. स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, सांसद का कहना था कि वह धनघटा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करके अपने कैंप कार्यालय की ओर लौट रहे थे, तभी अमरदोभा के पास उनकी गाड़ी को रोककर पथराव और तोड़फोड़ की गई. पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सांसद के वाहन को सुरक्षा प्रदान की. सांसद की ओर से शिकायत मिलने की बात भी सामने आई है.

एसपी संदीप कुमार मीना ने क्या कहा?

संतकबीर नगर के एसपी संदीप कुमार मीना के मुताबिक मामले में शिकायत मिली है और घटना में शामिल अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर कार्रवाई की गई थी और इसी के बाद जुलूस में शामिल लोगों ने विरोध शुरू किया. फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. मामले में आगे की कार्रवाई पहचान और जांच के आधार पर की जाएगी.