गाजियाबाद में शादी के कुछ दिन बाद ही नई-नवेली दुल्हन ने पति के सामने खोल दिया अपना पुराना राज

मयंक गौड़

• 04:46 PM • 18 Sep 2026

गाजियाबाद में शादी के कुछ दिन बाद पत्नी ने पति को अपनाने से इनकार कर दिया. प्रेमी से प्यार का दावा, गैस सिलेंडर खोलकर हंगामा और 2 लाख रुपये व जमीन के कागजात मांगने के आरोपों के बाद मामला पुलिस आयुक्त तक पहुंच गया है.

Ghaziabad News

Ghaziabad News

Google CTA

गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के रिश्ते को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. वैशाली सेक्टर-2 के रहने वाले अभिनव खंडेलवाल की शादी को अभी कुछ ही दिन हुए थे कि नई-नवेली दुल्हन ने पति को अपनाने से साफ इनकार कर दिया. दुल्हन का कहना है कि वह किसी और से प्यार करती है. बात यहीं खत्म नहीं हुई. आरोप है कि दुल्हन ने घर में रसोई की गैस खोलकर जान से मारने का ड्रामा किया और अब उसके मायके वाले रंगदारी के अंदाज में 2 लाख रुपये और जमीन के कागजात लड़की के नाम करने की मांग कर रहे हैं.  मामला अब पुलिस आयुक्त के चौखट तक पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें...

शादी के बाद ही शुरू हुआ विवाद

शिकायतकर्ता अभिनव खंडेलवाल के अनुसार, मई 2026 में सद्दाम और रिजवान नाम के दो बिचौलियों के जरिए पानीपत की रहने वाली रानी से उसका रिश्ता तय हुआ था. 14 मई को गोद भराई की रस्म हुई और 11 जुलाई को दोनों की धूमधाम से शादी संपन्न हुई. शादी में अभिनव के परिवार ने करीब 4 लाख रुपये खर्च किए.  शादी के कुछ ही दिन बीते थे कि दुल्हन रानी का व्यवहार अचानक बदलने लगा. उसने और उसके परिवार ने साफ कह दिया कि रानी अपनी मर्जी से रहेगी और कोई उसे रोक-टोक नहीं कर सकता. विरोध करने पर पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकियां दी जाने लगीं.

दर्शन के बीच बहस और रसोई में गैस खोलकर हंगामा

अभिनव ने शिकायत में जुलाई की दो खौफनाक घटनाओं का जिक्र किया है. परिवार के साथ खाटू श्याम मंदिर दर्शन के दौरान रानी और उसकी बहन रेनू ने कथित तौर पर अभिनव के परिवार से जमकर गाली-गलौज की. घर पर शादी का शगुन लेने किन्नर समाज के लोग आए थे. लेकिन रानी अपने कमरे से बाहर नहीं आई. जब पति ने बात करने की कोशिश की तो उसने चिल्लाते हुए कहा कि वह अभिनव को पति नहीं मानती और किसी दूसरे से प्यार करती है. आरोप है कि इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी दी और रसोई में जाकर गैस सिलेंडर खोलकर पूरे घर में अफरा-तफरी मचा दी.

मायके जाते ही शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल

हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस उस वक्त दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर चौकी ले गई और शांत कराकर घर भेज दिया. इसके बाद रानी अपने मायके पानीपत चली गई. वहां से उसकी मां और भाई का फोन आया जिन्होंने मांग रखी कि 2 लाख रुपये नकद दिए जाएं और जमीन के कागजात रानी के नाम किए जाएं वरना जान से मरवा देंगे.

2 अगस्त को जब अभिनव अपने माता-पिता के साथ पत्नी को समझाने पानीपत गया तो वहां पत्नी के भाई, मां और बिचौलियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट व अभद्रता की और रानी को वापस भेजने से मना कर दिया.

महिला थाने में जांच जारी

कौशांबी थाने से कोई ठोस मदद न मिलने पर पीड़ित पति ने अब पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है. एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद की शिकायत पहले भी मिली थी जिस पर महिला थाने में काउंसलिंग कराई गई थी. पति की ओर से दिए गए नए शिकायती पत्र के आधार पर मामले की सुनवाई महिला थाने में चल रही है. पुलिस का कहना है कि लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: अक्टूबर में क्या करने वाले हैं अखिलेश यादव? 2 से 5 करोड़ में बनकर तैयार हुई ये चकाचक चीज!