उन्नाव का खौफनाक बक्सा कांड... नीले ड्रम वाली मुस्कान के बाद नेहा ने सिलबट्टे से हमला कर ली पति की जान, पड़ोसी भी शामिल

सूरज सिंह

• 07:04 PM • 21 Oct 2026

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हाईवे किनारे लोहे के बक्से में सोनू का शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा करते हुए पत्नी नेहा रावत समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. हत्या की वजह और पूरी साजिश जानिए.

Unnao Murder Case

Unnao Murder Case

Google CTA

मेरठ के बहुचर्चित नीले ड्रम कांड की दहशत अभी लोगों के जेहन से उतरी भी नहीं थी कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ गई. रायबरेली-उन्नाव हाईवे के किनारे एक बड़े लोहे के बक्से से खून से लथपथ लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया था.जब पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की परतें उधेड़ीं तो जो सच सामने आया उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए. इस खौफनाक मर्डर के पीछे कोई और नहीं मृतक सोनू की ही पत्नी नेहा रावत थी. आखिर नेहा ने अपने ही पति की हत्या क्यों की, आइए जानते हैं. 

यह भी पढ़ें...

हाईवे किनारे मिला संदिग्ध बक्सा 

उन्नाव कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने महज 12 घंटे के भीतर इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी पत्नी नेहा और उसके पड़ोसी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है.

20 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के सामने एक भारी-भरकम लोहे का बक्सा लावारिस हालत में रखा है. मौके पर पहुंचकर जब पुलिस ने ताला तोड़कर बक्सा खोला तो अंदर चादर और कंबल में लिपटा एक शख्स का खून से सना शव मिला. मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई जिसके भाई आशु की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर ताबड़तोड़ दबिश शुरू कर दी.

सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला अहम सुराग

एसपी के सख्त निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज और ANPR कैमरों को खंगालना शुरू किया तो एक लोडर संदिग्ध हालात में नजर आया. फुटेज में वही लोडर हाईवे के पास बक्सा उतारते और खाली वापस जाते हुए कैद हुआ था. वाहन के मालिक राजेश गुप्ता से पूछताछ के बाद पुलिस का शक सीधा मुख्य आरोपी महिला तक जा पहुंचा.

सिलबट्टे से वार और गला घोंटकर हत्या

पुलिस की पूछताछ के दौरान पत्नी नेहा रावत ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने बताया कि उसकी शादी सोनू से 7-8 साल पहले हुई थी और उनका 5 साल का बेटा भी है. सोनू शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में कलह व मारपीट करता था.

इसी कलह से तंग आकर नेहा ने 19/20 अक्टूबर की रात अपने पड़ोसी जितेन्द्र सिंह उर्फ राहुल के साथ मिलकर खौफनाक खेल खेला. सोते वक्त सोनू पर सिलबट्टे से जोरदार वार किया गया और इसके बाद कंबल से नाक-मुंह दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई.

ठिकाने लगाने की साजिश

हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए 1,200 रुपये में लोडर किराए पर लिया गया. सहयोगी तौहीद और एक नाबालिग की मदद से शव को बड़े लोहे के बक्से में ठूंसकर हाईवे किनारे फेंक दिया गया था. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बट्टा, बक्सा और लोडर बरामद कर लिया है.
 

ये भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने दिया इस्तीफा