उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में तब्दील हो गया जब निकाह के ठीक वक्त दूल्हे की प्रेमिका शादी के मंडप में धमक पड़ी. सिर पर सेहरा सजाए बैठे दूल्हे को देखकर प्रेमिका ने रोते-बिलखते ऐसा हंगामा काटा कि बारातियों में अफरातफरी मच गई.लड़की का आरोप है कि दूल्हा बना युवक मोनिस उसका प्रेमी है जिसने शादी का झांसा देकर एक साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अब चोरी-छिपे दूसरी लड़की से निकाह करने पहुंच गया. मौके पर मचे बवाल के बीच दूल्हे पक्ष ने आनन-फानन में निकाह पूरा कर दुल्हन को विदा तो करा लिया. लेकिन मामला अब थाने पहुंच गया है.
ADVERTISEMENT
चोरी-छिपे रचाया जा रहा था निकाह
मामला बिजनौर जिले के नूरपुर का है. बताया जा रहा है कि थाना शिवाला कला क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का गांव के ही युवक मोनिस के साथ पिछले 1 साल से अफेयर चल रहा था. युवती का दावा है कि मोनिस ने उससे निकाह करने का वादा किया था और इसी भरोसे के चलते वह उसके साथ बाहर घूमने भी जाती रही. हालांकि मोनिस ने गांव से दूर नूरपुर में दूसरी लड़की से गुपचुप निकाह तय कर लिया. जैसे ही युवती को इस बात की भनक लगी वह बिना वक्त गंवाए सीधे नूरपुर स्थित शादी समारोह में जा पहुंची.
'सपने दिखाए, गलत काम किया और धोखा दिया'
शादी के माहौल के बीच युवती ने जैसे ही मोनिस को सेहरा पहने देखा,उसका सब्र टूट गया. उसने चीख-चीखकर मौके पर मौजूद लोगों के सामने दूल्हे की पोल खोलना शुरू कर दिया. आरोपी ने 1 साल तक प्यार का नाटक किया और शादी के हसीन सपने दिखाए.विवाह का भरोसा देकर आरोपी ने कई बार शारीरिक संबंध बनाए. बिना बताए चोरी-छिपे दूसरी जगह शादी रचाने पहुंच गया. युवती के हंगामे से खुशियों का माहौल अचानक तनाव में बदल गया. कुछ लोग उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे तो कुछ पूरी कहानी समझने में जुट गए.
जल्दबाजी में विदा हुई दुल्हन
बवाल बढ़ता देख किसी ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. नूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इसी बीच भारी हंगामे के बीच दूल्हे के परिजनों ने आनन-फानन में निकाह की रस्म पूरी कराई और दुल्हन को तुरंत विदा कराकर बारात लेकर रवाना हो गए.
पहले भी थाने में हुआ था समझौता
दोनों पक्ष थाना शिवाला कला क्षेत्र के रहने वाले हैं. इसलिए नूरपुर पुलिस ने पीड़िता को शिवाला कला थाने भेज दिया जहां युवती ने मोनिस के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. थाना शिवाला कला प्रभारी के अनुसार 'दोनों परिवारों के बीच 3 सितंबर को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद थाने में दोनों पक्षों का आपसी समझौता हो गया था.पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि समझौते के बाद शादी के दिन अचानक हुए इस हंगामे की मुख्य वजह क्या है और युवती के आरोपों में कितनी सच्चाई है.' फिलहाल बिजनौर में सेहरा बांधे प्रेमी की पोल खुलने और निकाह के मंडप में प्रेमिका के इस हंगामे की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है.
ये भी पढ़ें: चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ नगीना से चुनाव लड़ेंगी रोहिनी घावरी? कर दिया बड़ा खुलासा
ADVERTISEMENT











