डबल मर्डर से हिला जौनपुर! घर के अंदर भूपेंद्र पटेल ने अपनी ही मां और बहन की कुल्हाड़ी से की हत्या, वजह हैरान कर देगी!

आदित्य भारद्वाज

• 11:30 AM • 19 Sep 2026

जौनपुर के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में शुक्रवार दोपहर जमीन और पेंशन को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया. आरोप है कि भूपेंद्र पटेल ने घर में कहासुनी के बाद अपनी 70 साल की मां शीतला देवी और बहन गौरा देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया

Jaunpur Double Murder Case

Jaunpur Double Murder Case (Photo Edit By AI)

Google CTA

Jaunpur Double Murder Case: जौनपुर के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में शुक्रवार दोपहर जमीन और पेंशन को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया. आरोप है कि भूपेंद्र पटेल ने घर में कहासुनी के बाद अपनी 70 साल की मां शीतला देवी और बहन गौरा देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. दोनों की मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और करीब दस थानों की फोर्स मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली.

यह भी पढ़ें...

पेंशन को लेकर लंबे समय से था विवाद

बताया जा रहा है कि शीतला देवी के पति राजपति पटेल सेवानिवृत्त शिक्षक थे. दंपती की छह बेटियां और सबसे छोटा बेटा भूपेंद्र पटेल था. परिवार में लंबे समय से जमीन के बंटवारे और मां को मिलने वाली पेंशन को लेकर विवाद चल रहा था. परिजनों के मुताबिक भूपेंद्र के व्यवहार को लेकर पहले भी परिवार में विवाद होते रहे थे. पेंशन के पैसों और भविष्य में जमीन बहन को मिलने की आशंका को लेकर भी तनाव बना हुआ था.

वसीयत के बाद बढ़ा था संपत्ति विवाद

परिवार के लोगों के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले सेवानिवृत्त शिक्षक राजपति पटेल ने अपनी संपत्ति को लेकर अपनी सबसे छोटी बेटी गौरा देवी के पक्ष में वसीयत की थी. इसके बाद संपत्ति को लेकर परिवार का विवाद कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच गया. बाद में जमीन का बंटवारा हुआ. बताया जा रहा है कि बंटवारे में कुछ हिस्सा बहनों को और बाकी हिस्सा मां व बेटे के हिस्से में आया था. इसी बीच मां की पेंशन और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भी मां-बेटी और बेटे के बीच मतभेद की बात सामने आती रही.

कहासुनी के बाद घर में उठा ली कुल्हाड़ी

शुक्रवार दोपहर घर में मां, बेटे और बेटी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि भूपेंद्र पटेल घर से कुल्हाड़ी लेकर आया और उसने सबसे पहले अपनी मां शीतला देवी पर हमला कर दिया. कुल्हाड़ी के वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. मां को बचाने के लिए पहुंची गौरा देवी पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में गौरा की भी जान चली गई.

घर से ही पकड़ा गया आरोपी

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सैदुपुर गांव पहुंची. पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र पटेल को मौके से ही हिरासत में ले लिया. उसकी निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के करीब दस थानों से पुलिस बल बुलाया गया. अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर समेत कई पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

एसपी आतिश कुमार सिंह ने क्या बताया?

मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया, 'इन लोगों का पारिवारिक विवाद चल रहा था. काफी दिनों से नाराज भूपेंद्र पटेल ने अपनी मां और अपनी बहन को कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर घटना में प्रयोग किया गया आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.'

पुलिस जांच में जुटी

एक ही परिवार की मां और बेटी की हत्या से सैदुपुर गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जमीन, पेंशन तथा संपत्ति को लेकर परिवार में चले आ रहे विवाद के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही कथित हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है. अब जांच में यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि वारदात से पहले परिवार के सदस्यों के बीच विवाद किस बात को लेकर बढ़ा और हत्या की घटना किन परिस्थितियों में हुई.