गाजियाबाद में शादीशुदा महिला पति को छोड़ रहने लगी सहेली संग, किराए के कमरे में जब पहुंचा शख्स तो उड़ गए उसके होश

मयंक गौड़

• 04:14 PM • 14 Sep 2026

गाजियाबाद के खोड़ा में शादीशुदा प्रिया पति को छोड़ अपनी महिला सहकर्मी नीलम के साथ रहने लगी. एक महीने से लापता प्रिया के मिलने पर परिवार ने समझाने की कोशिश की. लेकिन उसने पति के पास लौटने से इनकार कर दिया.

Ghaziabad News:सांकेतिक तस्वीर

Ghaziabad News:सांकेतिक तस्वीर

Google CTA

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी के चार साल बाद प्रिया नाम की एक महिला अपने पति और शादीशुदा जिंदगी को अलविदा कहकर अपनी ही महिला सहकर्मी के साथ नई जिंदगी शुरू करने चली गई. करीब एक महीने से लापता पत्नी की तलाश में जब बेबस पति पुलिस और परिजनों को लेकर खोड़ा स्थित उसके किराए के कमरे पर पहुंचा तो वहां हाई-वोल्टेज ड्रामा खड़ा हो गया. पति ने घर लौटने की काफी गुहार लगाई. लेकिन महिला ने साफ कह दिया कि 'मैं अब पति के पास वापस नहीं जाऊंगी, अपनी सहेली के साथ ही रहूंगी.'

यह भी पढ़ें...

एक ही कंपनी में काम करते-करते बढ़ीं नजदीकियां

मामला गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत वंदना एनक्लेव का है. जानकारी के मुताबिक, प्रिया और नीलम एक ही प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं. साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई जो समय के साथ आत्मीयता में बदल गई. इस बीच प्रिया का अपने पति के साथ घरेलू बातों को लेकर आए दिन विवाद रहने लगा था.

12 अगस्त को छोड़ा घर फिर दर्ज हुई थी गुमशुदगी

बीते 12 अगस्त को पति से हुए एक बड़े झगड़े के बाद प्रिया संदिग्ध परिस्थितियों में घर छोड़कर चली गई. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परेशान पति ने ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. वहीं दूसरी ओर नीलम के परिजन भी अपनी बेटी की तलाश में भटक रहे थे.

सोशल मीडिया से खुला राज

दोनों परिवारों को सोशल मीडिया के जरिए भनक लगी कि प्रिया और नीलम गाजियाबाद के खोड़ा (वंदना एनक्लेव) इलाके में किराए का मकान लेकर एक साथ रह रही हैं. सूचना मिलते ही रविवार को प्रिया का पति नीलम के परिजन और पुलिस टीम खोड़ा स्थित उस मकान पर जा पहुंचे. जब दरवाजा खुला तो दोनों युवतियां एक साथ मिलीं. परिजनों ने सामाजिक मर्यादा और रिश्ते का वास्ता देते हुए दोनों को समझाने की कोशिश की. लेकिन दोनों ने अलग होने से साफ इनकार कर दिया.

पति पर मारपीट का आरोप

बातचीत के दौरान प्रिया ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका व्यवहार ठीक नहीं था और वह उसके साथ मारपीट करता था. प्रिया ने साफ कर दिया कि वह अब किसी भी हाल में पति के घर नहीं जाएगी और नीलम के साथ ही रहेगी. देर शाम तक पुलिस की मौजूदगी में परिजनों और युवतियों के बीच मान-मनौव्वल और बातचीत का दौर चलता रहा.

पुलिस का क्या है कहना?

इस पूरे मामले पर एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दोनों युवतियां बालिग हैं. परिजनों और युवतियों के बीच पुलिस की मौजूदगी में बातचीत कराई गई है. अगर किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई जाती है तो कानून के दायरे में रहकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO पद से हटाए गए विश्वभूषण मिश्रा