Pratapgarh Shivnath Yadav Case: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में लव मैरिज करने वाले युवक-युवती पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुंडा कोतवाली में बयान दर्ज कराने के बाद घर लौट रहे इन दोनों की गाड़ी को प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर दूसरी गाड़ियों से आए लोगों ने रोक लिया और युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा. गंभीर हालत में युवक को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने परिवार के कई लोगों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
ADVERTISEMENT
आर्य समाज मंदिर में भी हुई थी शादी
मामला कुंडा कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर बरई गांव का है. यहां रहने वाले शिवनाथ उर्फ मुन्नू यादव और गांव की अर्चना यादव के बीच लव अफेयर था. दोनों 25 जून को घर से चले गए थे. इसके बाद 26 जून को दिल्ली के आर्य समाज मंदिर में शादी की और 29 जून को दिल्ली के शालीमार बाग में कोर्ट मैरिज भी कर ली. अर्चना के चाचा वीरेंद्र कुमार यादव ने 27 जून को कुंडा कोतवाली में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनकी भतीजी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है. इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था.
थाने में बयान के बाद हाईवे पर रोकी गाड़ी
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दोनों पक्षों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस दिया था. 13 अगस्त को शिवनाथ और अर्चना अपने परिजनों के साथ कुंडा कोतवाली पहुंचे और पुलिस के सामने बयान दर्ज कराया. इसके बाद सभी लोग बोलेरो से लालगोपालगंज की तरफ जा रहे थे. आरोप है कि हथिगवां थाना क्षेत्र के सुआनारी गांव के पास प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर अर्टिगा और स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया. इसके बाद दर्जनों लोगों ने शिवनाथ को गाड़ी से बाहर खींचकर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया.
पत्नी ने बचाने की कोशिश की
हमले के दौरान अर्चना ने अपने पति को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी घायल हो गई. गंभीर रूप से घायल शिवनाथ को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया. यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. अर्चना ने अपने परिवार के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है 'मेरे पिता मुझ पर हमबिस्तर होने के लिए दबाव बना रहे थे. इसी से परेशान होकर मैं अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ दिल्ली गई थी.' अर्चना के मुताबिक इसी वजह से परिवार के लोग उनके विवाह से नाराज थे और उसके चाचा, फूफा समेत अन्य रिश्तेदारों ने हमला किया.
पत्नी की तहरीर पर मुकदमा
शिवनाथ की मौत के बाद मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं. अर्चना की तहरीर पर पुलिस ने चाचा वीरेंद्र यादव, सतेन्द्र यादव, प्रेम यादव और राज यादव समेत अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय के मुताबिक मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT











