Sambhal School Roof Collapse News: उत्तर प्रदेश के संभल में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. असमोली थाना क्षेत्र के मदाला गांव स्थित हसनैन पब्लिक निजी स्कूल के मुख्य द्वार का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के समय वहां बच्चे और अन्य लोग मौजूद थे. छज्जे के मलबे में तीन बच्चे दब गए. इनमें कार्यक्रम देखने आए एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूल के दो बच्चे घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम का माहौल मातम में बदल गया.
ADVERTISEMENT
छज्जा गिरने से तीन बच्चे दबे
जानकारी के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान स्कूल के मुख्य गेट का छज्जा अचानक गिरा. इसकी चपेट में तीन बच्चे आ गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को मलबे से निकालने की कोशिश की. घटना में एक बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
DM-SP समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP), उप-जिलाधिकारी (SDM), सीओ और तहसीलदार समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. प्रशासनिक टीम घटना की परिस्थितियों और छज्जा गिरने की वजह की जांच कर रही है. स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है. फिलहाल अधिकारियों की ओर से मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.
ADVERTISEMENT











