पीलीभीत में सिर्फ पैरों से लिपटा काला सांप, डसा भी नहीं फिर भी हो गई राहुल कश्यप की मौत!

सौरभ पांडेय

19 Nov 2026 (अपडेटेड: 19 Nov 2026, 02:27 PM)

पीलीभीत में ड्यूटी पर जा रहे युवक के पैरों से अचानक काला सांप लिपट गया. कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई, लेकिन डॉक्टरों ने सर्पदंश से इनकार कर दिया. आखिर बिना काटे सांप से जुड़ी इस घटना में युवक की जान कैसे गई?

Pilibhit Mysterious Death

Pilibhit Mysterious Death

Google CTA

अक्सर सांप के काटने से मौत की खबरें सामने आती हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक काला सांप युवक के पैरों से लिपटा और बिना काटे ही उसकी जान चली गई. पीलीभीत से उत्तराखंड के किच्छा में ड्यूटी पर जा रहे युवक राहुल कश्यप के साथ हुई इस घटना के बाद हर कोई यही मान रहा था कि उसकी मौत सर्पदंश से हुई है. लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने सांप काटने की बात से साफ इनकार कर दिया. अब युवक की मौत की असली वजह एक पहेली बन गई है और इलाके में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

यह भी पढ़ें...

ड्यूटी जाते वक्त पैरों से लिपटा काला सांप

पीलीभीत के बीसलपुर के रहने वाले 35 साल के राहुल कश्यप उत्तराखंड के किच्छा में ड्यूटी पर जा रहे थे. रास्ते में अचानक एक काला सांप उनके पैरों से आकर लिपट गया. पैरों में सांप लिपटा देख राहुल बुरी तरह घबरा गए. उन्होंने खुद को बचाने और सांप को भगाने के लिए पास पड़ी ईंट से वार भी किया जिसके बाद सांप वहां से निकल गया.

कुछ ही देर में बिगड़ी तबीयत और हो गई मौत

सांप के जाने के कुछ ही देर बाद राहुल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह चक्कर खाकर बेहोश हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने साफ तौर पर बताया कि राहुल के शरीर पर सांप के काटने का कोई निशान नहीं है और उनकी मौत सर्पदंश से नहीं हुई है.

मौत की वजह पर सस्पेंस

बिना सांप काटे हुई इस अचानक मौत ने हर किसी को सन्न कर दिया है और मौत की वास्तविक वजह को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. जब राहुल का शव उनके पैतृक आवास बीसलपुर पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई. गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है.
 

ये भी पढ़ें: लखनऊ के समरीन हत्याकांड के आरोपी अवनीश जायसवाल ने जेल में की आत्महत्या, बाथरूम में मिला शव