Raja Bhaiya Ram Katha News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्रीराम कथा आज यानी 17 नवंबर से शुरू हो रही है. कथा वाचक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार शाम प्रतापगढ़ पहुंचे. खास बात यह रही कि राजा भैया खुद उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे और अपनी गाड़ी चलाकर बेंती कोठी लेकर आए. धीरेंद्र शास्त्री के आगमन के साथ ही आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT
स्वागत कर खुद संभाली गाड़ी की स्टेयरिंग
जानकारी के मुताबिक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने करीब 60 सहयोगियों के साथ दुबई से प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे थे. यहां कथा के आयोजक राजा भैया ने उनका स्वागत किया. इसके बाद राजा भैया ने खुद अपनी गाड़ी चलाई और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर प्रतापगढ़ के बेंती स्थित अपनी कोठी पहुंचे. इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री राजा भैया के बगल वाली सीट पर बैठे नजर आए.
यह भी पढ़ें- रिलेशनशिप में थे विकास और प्रिया, शादी कहीं और तय हुई तो हुआ विवाद, कुछ देर बाद वाराणसी के होटल में मिली दोनों की लाश
बेंती कोठी के हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना
बेंती कोठी पहुंचने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया. उन्होंने विधि-विधान से हनुमान जी की आरती उतारी और अपने हाथों से उन्हें फूलों की माला पहनाई. इस दौरान राजा भैया ने भी मंदिर में माला अर्पित कर पूजा-अर्चना की. बताया गया है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चार दिनों तक राजभवन स्थित पंचवटी में प्रवास करेंगे.
आज दोपहर 2 बजे से शुरू होगी श्रीराम कथा
प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक चार दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है. कथा का आयोजन हवाई पट्टी परिसर स्थित योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम, राजभवन बेंती में होगा. आज पहले दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 या 6 बजे तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा सुनाएंगे. 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से कथा का वाचन होगा, जबकि 20 नवंबर को अंतिम दिन दिव्य दरबार लगाया जाएगा.
यह भी पढ़ें- UPSC ने 13 रिक्तियों के लिए निकाली भर्ती, डेंटल सर्जन और साइंटिस्ट 'बी' समेंत इन पदों पर होगा चयन
कथा को लेकर सियासत भी गरमाई
प्रतापगढ़ में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई है. समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कथा का विरोध करने का ऐलान किया था. सपा नेताओं का आरोप है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं और चुनाव से पहले धार्मिक मुद्दों को उठाया जा रहा है. वहीं, राजा भैया ने कथा के आयोजन को लेकर कहा था कि कथा होकर रहेगी, जिसे रोकना है वह रोककर दिखाए. इस विरोध और बयानबाजी के बीच अब आज से श्रीराम कथा की शुरुआत होने जा रही है. आयोजन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी सतर्क हैं.
ADVERTISEMENT











