'कुछ लोग मुझे आने नहीं दे रहे', राजा भैया की पत्नी भान्वी सिंह ने श्रीराम कथा में शामिल होने की जताई इच्छा

सुनील यादव

• 01:25 PM • 17 Nov 2026

कुंडा के बेंती राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर अब राजा भैया के परिवार से भी एक भावुक पोस्ट सामने आया है. कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भान्वी कुमारी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी ससुराल में होने वाली इस कथा में शामिल होने की इच्छा जताई है.

Raja Bhaiya and Bhanvi Singh

Raja Bhaiya and Bhanvi Singh

Google CTA

Bhanvi Singh News: कुंडा के बेंती राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर अब राजा भैया के परिवार से भी एक भावुक पोस्ट सामने आया है. कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भान्वी कुमारी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी ससुराल में होने वाली इस कथा में शामिल होने की इच्छा जताई है. उन्होंने अपने पोस्ट में धार्मिक भावनाओं का जिक्र करते हुए राजा भैया से इस आयोजन में शामिल होने का अवसर देने की अपील की है. हालांकि, इस मामले में भान्वी सिंह ने यूपी Tak से बातचीत में यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें कथा में शामिल नहीं होने दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

कथा को लेकर जताई भावना

भान्वी कुमारी सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, 'उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित मेरी ससुराल बेंती राजभवन में पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से आयोजित होने जा रही भव्य श्रीराम कथा का समाचार पाकर मन श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से अभिभूत है.' उन्होंने आगे लिखा कि उनकी भी हार्दिक इच्छा है कि वह इस पावन आयोजन में शामिल हों, बाबा बागेश्वर के दर्शन करें और प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त करें. भान्वी ने अपने पोस्ट में राजा भैया को संबोधित करते हुए लिखा, 'मुझे पूर्ण विश्वास और आशा है कि मेरे हजूर, श्री रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए मुझे इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करेंगे.' उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे पूरे परिवार को श्रीराम कथा सुनने और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ मिल सकेगा.
 

भान्वी सिंह का आरोप- 

इस पोस्ट को लेकर यूपी Tak ने भान्वी सिंह से फोन पर बातचीत की. उन्होंने बताया कि वह फिलहाल बाहर हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह कथा में शामिल होना चाहती हैं, लेकिन कुछ लोग उन्हें ऐसा करने से रोक रहे हैं. भान्वी सिंह ने कहा 'मैं नाम नहीं ले सकती, कुछ लोग मुझे कथा में शामिल नहीं होने दे रहे हैं, जबकि मेरी इच्छा कथा में आने की है.' उन्होंने X पर किए गए पोस्ट को भी अपना बताया और इसकी पुष्टि की. इस तरह उनकी ओर से सामने आई पोस्ट के साथ ही कथा में शामिल होने की इच्छा और कथित तौर पर रोके जाने का आरोप भी चर्चा में आ गया है.

यह भी पढ़ें- हॉर्न बजाती रही एंबुलेंस लेकिन बीच सड़क थार की छत पर डांस करते रहे युवक, हापुड़ में स्टंटबाजी करने वाले पर पुलिस ने लिया एक्शन 

 

19 नवंबर तक श्रीराम कथा

बता दें कि प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में 17, 18 और 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है. वहीं, 20 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दिव्य दरबार लगेगा. इस आयोजन में 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है. ऐसे में भान्वी कुमारी सिंह की पोस्ट ने इस धार्मिक आयोजन से जुड़े पारिवारिक और भावनात्मक पहलू को भी चर्चा में ला दिया है. अब यह देखना होगा कि क्या भान्वी सिंह अपनी ससुराल बेंती राजभवन में आयोजित इस श्रीराम कथा में शामिल हो पाती हैं या नहीं.