Hapur Thar Viral Video: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में कुछ युवकों की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें युवक बीच सड़क पर खड़ी थार कार की छत पर चढ़कर डांस करते नजर आ रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि इस दौरान पीछे से मरीजों को लेकर आ रहीं दो एंबुलेंस सायरन बजाती रहीं, लेकिन युवकों ने उन्हें रास्ता नहीं दिया. थार के आगे खड़ी एंबुलेंस काफी देर तक जाम में फंसी रही और युवक कार की छत पर हुड़दंग करते रहे. किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसके सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की. यह मामला हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता का बताया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
सड़क पर डांस करते रहे युवक
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर थार कार खड़ी है और कुछ युवक उसकी छत पर चढ़कर डांस कर रहे हैं. इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई. पीछे से आ रहीं दो एंबुलेंस के सायरन लगातार बजते रहे, लेकिन कार सवार युवकों ने उन्हें आगे निकलने का रास्ता नहीं दिया. एंबुलेंस में मरीज भी सवार थे, इसके बावजूद युवक अपनी हरकतों में लगे रहे. उनकी इस लापरवाही के कारण एंबुलेंस और दूसरे वाहन जाम में फंस गए. घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस तरह सड़क रोककर हुड़दंग करने पर सवाल उठाए.
यह भी पढ़ें- रिलेशनशिप में थे विकास और प्रिया, शादी कहीं और तय हुई तो हुआ विवाद, कुछ देर बाद वाराणसी के होटल में मिली दोनों की लाश
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया
वीडियो का संज्ञान लेते हुए बाबूगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की. थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के मुताबिक स्टंटबाजी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उसके कब्जे से स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार बरामद की है. वहीं, इस घटना में इस्तेमाल हुई एक अन्य थार कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP 17 N 6466 है, उसका मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20,500 रुपये का चालान किया गया. शुरुआती जानकारी में थार को जब्त कर उसके चालक को हिरासत में लेने की बात भी सामने आई थी.
एसपी मधुवन कुमार सिंह ने क्या कहा?
हापुड़ के एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया, 'थाना बाबूगढ़ क्षेत्रांतर्गत कुछ युवकों द्वारा थार कार की छत पर खड़े होकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इससे मौके पर यातायात बाधित हुआ और एंबुलेंस समेत कुछ वाहन जाम में फंस गए.' उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में बाबूगढ़ थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले में कार्रवाई की गई है.
ADVERTISEMENT











