बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, पिकअप में जा घुसी तेज रफ्तार एम्बुलेंस, पांच लोगों की दर्दनाक मौत

बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. राजस्थान से पश्चिम बंगाल जा रही एम्बुलेंस आखिर कैसे पिकअप से टकराई? हादसे की वजह जानकर चौंक जाएंगे आप.

Purvanchal Expressway Accident

Purvanchal Expressway Accident

Google CTA

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. राजस्थान से एक व्यक्ति का शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक पिकअप वाहन में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

यह भी पढ़ें...

सुबेहा क्षेत्र में हुआ हादसा

यह भीषण दुर्घटना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 53.3 किलोमीटर पॉइंट पर थाना सुबेहा क्षेत्र में हुई. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे आगे जा रहे पिकअप से टकरा गया. हादसा इतना भयावह था कि एम्बुलेंस सवार किसी भी व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पांचों की जान चली गई.

तेज रफ्तार और धुंध बनी हादसे की वजह

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना सुबेहा की पुलिस और एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस से सभी पांचों शवों को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सुबह के समय छाई धुंध को इस दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है.

मृतकों की शिनाख्त और आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात को सुचारू करा दिया है. पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है. साथ ही मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया चल रही है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें: मां को अंतिम विदाई देते वक्त रो पड़े सीएम योगी, रुमाल से आंसू पोछते हुए भावुक तस्वीरें आईं सामने