मां को अंतिम विदाई देते वक्त रो पड़े सीएम योगी, रुमाल से आंसू पोछते हुए भावुक तस्वीरें आईं सामने
मां सावित्री देवी के निधन से भावुक सीएम योगी आदित्यनाथ ने पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी. मां की अर्थी को कंधा देते समय उनकी आंखें नम हो गईं. हरिद्वार में अंतिम संस्कार की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सबकी नजरें टिकी हैं.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में माताजी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस भावुक पल में मुख्यमंत्री अपनी आंखों से आंसू पोछते नजर आए. श्रद्धांजलि के बाद उन्होंने अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया और अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडीघाट के लिए रवाना हुई. सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था.
चंडीघाट में अंतिम संस्कार की तैयारियां और सुरक्षा के इंतजाम
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट स्थित मोक्ष धाम में करीब 11:30 बजे किया जाएगा. इसे लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए फूलों से सजा एक विशेष मंच तैयार किया गया है और पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश के कई मंत्री, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड सरकार के मंत्री और देशभर से कई विशिष्ट अतिथि (VIP) हरिद्वार पहुंचेंगे.
दोपहर में लखनऊ वापसी, शाम को पीएम मोदी के साथ कार्यक्रम
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहेंगे और इसके बाद लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे. लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में उनके शामिल होने का कार्यक्रम तय है.
गोरखपुर के कार्यक्रम के दौरान मिली थी निधन की सूचना
मुख्यमंत्री को मां के निधन की सूचना शुक्रवार को गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मिली थी. वे चंपा देवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे जिसमें 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने थे.
जानकारी के मुताबिक, इस दुखद खबर की भनक सबसे पहले भाजपा सांसद रवि किशन को लगी थी जिन्होंने इसकी सूचना उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार और पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी को दी. करीब 61 मिनट तक अपना संबोधन जारी रखने के बाद जब सीएम योगी मंच के पीछे पहुंचे तब अवनीश अवस्थी ने उन्हें मां के निधन के बारे में बताया. सूचना मिलने पर कुछ क्षणों के लिए उनके चेहरे के भाव बदले. लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखते हुए कार्यक्रम पूरा किया, युवाओं से संवाद किया और उनके साथ सेल्फी भी ली. इसके बाद वे गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए थे.
शुक्रवार सुबह पैतृक आवास पर हुआ था निधन
सावित्री देवी का निधन शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक निवास पर हुआ था. जानकारी के अनुसार, 91 वर्षीय सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं. सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ही अपने पैतृक गांव पहुंचे और मां को श्रद्धांजलि दी.
ये भी पढ़ें: मां के निधन के बाद पैतृक गांव पंचूर पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, पार्थिव शरीर के किए अंतिम दर्शन
