लेटेस्ट न्यूज़

गोरखपुर में रैली के दौरान जान गंवाने वाले आर्यवर्धन के पिता ने इमोशनल होकर बताई पूरी कहानी!

गोरखपुर में रैली के दौरान जान गंवाने वाले आर्यवर्धन के पिता ने इमोशनल होकर बताई पूरी कहानी!

ADVERTISEMENT

गोरखपुर की रथ यात्रा के दौरान बुलडोजर से युवक की मौत हो गई. परिवार ने न्याय और दोषियों को कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ यात्रा के दौरान जेसीबी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले 14 साल के बच्चे आर्यवर्धन के पिता का दर्द सामने आया है. पीड़ित पिता ने हादसे के वक्त की पूरी घटना बयां करते हुए आरोप लगाया है कि उनका बेटा अपनी बहन को स्कूल से लेने के लिए निकला था, तभी स्वागत के लिए दौड़ रही जेसीबी ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर खुद को बचाने के चक्कर में उसके ऊपर चढ़ा दिया. परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आयोजक मंडल, जेसीबी मालिक और चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं पीड़ित पिता ने रैलियों में जेसीबी और बुलडोजर के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी लगाने और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है.

'बहन को लेने जा रहा था बेटा, सड़क पार करने के बाद मारी टक्कर'

मृतक आर्यवर्धन के पिता ने घटनाक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच उनकी बेटी की छुट्टी हुई थी. घर पर मौजूद आर्यवर्धन ने कहा कि वह अपनी बहन को लेने जा रहा है. उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि सड़क पर इतनी भारी भीड़ होगी. पिता के मुताबिक आर्यवर्धन ने सड़क पार कर ली थी. लेकिन तभी वहां मौजूद जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहली टक्कर के बाद भी उनका बेटा सकुशल था और उसे मामूली चोट ही आई थी. लेकिन इसके बाद खुद को बचाने के चक्कर में चालक ने जेसीबी उसके ऊपर चढ़ा दी जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई.

रैलियों में जेसीबी के इस्तेमाल पर जताया कड़ा आक्रोश

पीड़ित पिता ने रथ यात्रा के दौरान जेसीबी और हाइड्रा जैसी भारी मशीनों के इस्तेमाल पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया.उन्होंने कहा कि यात्रा का स्वागत मर्यादित तरीके से फूल बरसाकर भी किया जा सकता था. लेकिन वहां चार-पांच जेसीबी और हाइड्रा लगातार दौड़ाए जा रहे थे. उन्होंने कहा कि उनका बेटा तो अब वापस नहीं आएगा. लेकिन भविष्य में किसी और परिवार के साथ ऐसा हादसा न हो इसके लिए रथ यात्राओं और सभाओं में जेसीबी के इस तरह के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए.

सख्त सजा की मांग

परिजनों की ओर से की गई कार्रवाई की मांग पर पिता ने बताया कि उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक मंडल, जेसीबी मालिक और चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी  जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और रात में ही जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस पूरे मामले का संज्ञान ले रहे हैं. पीड़ित पिता ने प्रशासन से मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि उनके बेटे को न्याय मिल सके.