यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, उत्तराखंड के पैतृक गांव पंचूर में में ली अंतिम सांस
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया. उत्तराखंड के पंचूर गांव में उन्होंने अंतिम सांस ली. मां के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी स्थित पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली. जानकारी के मुताबिक, वह लंबे समय से आयु संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं और अपने पैतृक आवास पर ही रह रही थीं. सीएम योगी कई मौकों पर अपनी मां से मुलाकात कर चुके हैं. दो साल पहले जब वह एम्स ऋषिकेष में भर्ती थीं तब भी सीएम योगी ने उनसे मिलकर हालचाल जाना था.
पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक निवास पर ही रह रही थीं. 91 साल की उम्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उनका निधन हो गया. इसकी जानकारी सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव का रहने वाला है. सीएम योगी कुल सात भाई-बहन हैं जिनमें चार भाई और तीन बहनें शामिल हैं. योगी आदित्यनाथ अपने भाइयों में दूसरे नंबर पर हैं. इससे पहले उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी अप्रैल 2020 को निधन हो गया था. अब माता के निधन से पूरे परिवार में शोक का माहौल है.
