शामली में सिलेंडर ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग, गहरी नींद में सो रही मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत
शामली में आधी रात गैस सिलेंडर में हुए भीषण धमाके ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. घर में सो रही महिला और उनकी दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई. आखिर कैसे लगी आग और क्यों नहीं बच सकीं तीनों?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार देर रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बाबरी थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी में जब एक परिवार गहरी नींद में सो रहा था तभी अचानक घर में रखे गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया. विस्फोट इतना तेज था कि पल भर में आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान घर के भीतर सो रही महिला और उनकी दो मासूम बेटियां संभल भी नहीं पाईं. आग की विकराल लपटों के आगे बेबस परिवार चाहकर भी उन्हें बचा नहीं सका और अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों की मौत हो गई.
आधी रात को धमाके से दहला पूरा गांव
जानकारी के अनुसार, गांव खेड़ी निवासी साजिद बुधवार देर रात अपने परिवार के साथ मकान में सो रहे थे. रात करीब 12 से साढ़े 12 बजे के बीच अचानक घर में रखे गैस सिलेंडर में आग भड़क उठी. इससे पहले कि घर के लोग कुछ समझ पाते या बाहर निकल पाते सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके के साथ आग पूरे मकान में फैल गई और कमरे में सो रही साजिद की पत्नी साजिदा और उनकी दोनों बेटियां अदन (13 साल) व माहिरा (11 साल) इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं.
आग की लपटों के आगे बेबस दिखे परिजन
बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि साजिद चाहकर भी फौरन मदद नहीं कर पाए और न ही शुरुआत में आसपास का कोई व्यक्ति अंदर जा सका. सिलेंडर फटने की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल बाबरी थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों और दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया.
अस्पताल में तीनों को मृत घोषित किया, गांव में पसरा मातम
आग बुझने के बाद गंभीर रूप से झुलसी साजिदा और उनकी दोनों बेटियों को एंबुलेंस की मदद से शामली के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. इस भीषण अग्निकांड में घर का सारा सामान, कपड़े और जरूरी वस्तुएं भी जलकर राख हो गईं. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों के घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
