लेटेस्ट न्यूज़

गोरखपुर में 14 साल के आर्यवर्धन सिंह की मौत के बाद परिवार से मिले CM योगी, तो इधर सपा के अजय सिंह टप्पू ने कर दी की 5 करोड़ मुआवजे की मांग

गोरखपुर में सपा की PDA रथ यात्रा के दौरान 14 साल के आर्यवर्धन की मौत पर सियासत तेज है. आयोजक अजय सिंह टप्पू ने हादसे पर राजनीति करने वालों को घेरा और मुख्यमंत्री योगी से पीड़ित परिवार के लिए 5 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की.

ADVERTISEMENT

5 Crore Compensation Demand
5 Crore Compensation Demand
social share
Google CTA

गोरखपुर के चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ यात्रा के दौरान हुए हादसे में 14 साल के लड़के आर्यवर्धन सिंह की मौत के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाने के बाद, अब इस कार्यक्रम के आयोजक रहे सपा नेता अजय सिंह टप्पू का बयान सामने आया है. उन्होंने इस दुखद घटना पर हो रही बयानबाजी को राजनीति से प्रेरित बताते हुए मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को सरकारी फंड से 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है.

'जेसीबी रैली का हिस्सा नहीं थी,घटना पर राजनीति गलत'

पीड़ित परिवार के घर पहुंचे चौरी चौरा कार्यक्रम के आयोजक अजय सिंह टप्पू ने बातचीत के दौरान कहा कि यह परिवार उनके लिए पारिवारिक सदस्यों जैसा है और बीते बीस सालों से उनका इस घर में आना-जाना रहा है. हादसे के कारणों पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी रैली में जेसीबी नहीं चलती है, किसी व्यक्ति ने फूल बरसाकर स्वागत करने के लिए जेसीबी लगाई थी जिसके चलते यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सभी को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होकर संवेदना व्यक्त करनी चाहिए न कि अखिलेश यादव की रैली को कमतर आंकने के लिए इस घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाना चाहिए.

सीएम योगी के दौरे पर उठाए सवाल, मांगा 5 करोड़ का मुआवजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीड़ित परिवार से मुलाकात किए जाने पर अजय सिंह टप्पू ने कहा कि मुख्यमंत्री बड़े पद पर हैं उन्हें संवेदना व्यक्त करने आना चाहिए था. लेकिन इस मामले को जिस तरह से पेश किया जा रहा है, वह उचित नहीं है. उन्होंने मांग की कि अगर सरकार सचमुच पीड़ित परिवार की मदद करना चाहती है तो मुख्यमंत्री को अपने विवेकाधीन या सरकारी फंड से परिवार को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देनी चाहिए. साथ ही उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि रैलियों से अव्यवस्था होती है तो पूरे देश में किसी की भी रैली या रोड शो पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए.

'मीडिया कैमरों की वजह से परिवार से ठीक से बात भी नहीं हो पा रही'

अजय सिंह टप्पू ने मौके पर मौजूद मीडिया और राजनीतिक माहौल को लेकर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि वे पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और उनके साथ खड़े होने आए हैं. लेकिन सुबह से ही कैमरों और राजनीतिक बयानबाजी के कारण वे परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर अपना दुख साझा नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने दोहराया कि एक बच्चे की मौत बेहद पीड़ादायक है और इस संवेदनशील मौके पर आरोप-प्रत्यारोप के बजाय परिवार को संबल देने की जरूरत है.
 

ये भी पढ़ें: कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर सपा ने किया कमेटी का गठन, रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में होगी चर्चा