सिद्धार्थनगर में आपस में भिड़े सांसद-विधायक के कार्यकर्ता, मंच से MLA का नाम न लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद

अभय राठौर

• 01:49 PM • 22 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय शर्मा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. कार्यकर्ताओं के बीच यह झड़प मंच से विधायक का नाम न लेने को लेकर शुरू हुई.

सिद्धार्थनगर में भिड़े सांसद-विधायक के कार्यकर्ता

सिद्धार्थनगर में भिड़े सांसद-विधायक के कार्यकर्ता

Google CTA

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय शर्मा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. कार्यकर्ताओं के बीच यह झड़प मंच से विधायक का नाम न लेने को लेकर शुरू हुई. दरअसल रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उच्चीकृत करने के लिए शिलन्यास और भूमिपूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. स्वास्थ्य विभाग ने इस परियोजना के लिए  19 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत तय की है. 

यह भी पढ़ें...

कार्यक्रम के लिए मंच सजा था और नेताओं के नाम का उद्घोष भी किया जा रहा था. आरोप है इसी दौरान सांसद के साथ आए कुछ लोगों ने कार्यक्रम के उद्घोषक पर विधायक का नाम न लेने का दबाव बनाया. जब इसकी जानकारी विधायक पक्ष के लोगों को मिली तो वह इसका विरोध करने के लिए मंच पर चढ़ गए. पीड़ित विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी के मुताबिक उनके साथ मंच पर मारपीट और गाली-गलौज की गई.

19 करोड़ की परियोजना का था कार्यक्रम

इस कार्यक्रम में सबसे पहले डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल पहुंचे थे. इस दौरान मंच पर मौजूद स्थानीय विधायक विनय वर्मा के समर्थक 'विकास पुरुष विनय वर्मा जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे. इसी बीच सांसद जगदंबिका पाल के समर्थक भी वहां पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे.

आरोप है कि सांसद के साथ आए कुछ लोगों ने मंच से कार्यक्रम का संचालन कर रहे उद्घोषक जुग्गी राम राही को रोकना शुरू कर दिया. वे उनसे विधायक विनय वर्मा का नाम न लेने के लिए कह रहे थे. इस बात का विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी ने विरोध किया.

प्रदीप के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया. आरोप है कि सांसद के साथ आए कुछ लोग अचानक मंच पर चढ़ गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में प्रदीप को हल्की चोटें आईं और उनका कुर्ता फट गया.

यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात

पीड़ित ने बताया पूरा मामला

प्रदीप कमलापुरी के मुताबिक वह मंच पर मौजूद थे. तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्हें मंच से नीचे उतरने के लिए कहने लगे. जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. प्रदीप ने अनिल अग्रहरि, सूर्य प्रकाश पांडेय और मुरारी नाम के व्यक्ति पर हमला करने का आरोप लगाया है. 

प्रदीप ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने उन्हें बचाने के लिए कुछ नहीं किया.

प्रदीप बोले- समर्थकों से करेंगे बात

घटना के बाद प्रदीप कमलापुरी ने अपनी बात रखते हुए कहा है कि वह बीजेपी के क्षेत्रीय व्यापार प्रकोष्ठ से जुड़े हैं और मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की ओर से आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. उन्होंने कहा है कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है. वह सांसद जगदंबिका पाल का भी सम्मान करते हैं, लेकिन कार्यक्रम में उनके साथ हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है.

प्रदीप ने साफ किया कि उन्होंने अभी तक इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है. वह अपने समर्थकों से बातचीत करने के बाद आगे का फैसला लेंगे. वहीं पार्टी को पत्र लिखने के सवाल पर भी उन्होंने कहा है कि समर्थकों से विचार-विमर्श करने के बाद ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात

विधायक के भाषण के दौरान भी चलती रही बहस

मारपीट की घटना के बाद भी कार्यक्रम में विवाद खत्म नहीं हुआ. जब शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा मंच से अपनी बात रख रहे थे, तब भी मंच के नीचे मौजूद सांसद के साथ आए कुछ लोगों और विधायक के बीच कहासुनी होती रही. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है.

यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात

(इनपुट अतुल तिवारी)