Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में Gen Alpha यानी स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन सामने आया है. हाथों में तिरंगा लेकर बच्चे करीब 5 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे. बच्चों की मांग थी कि उनके स्कूल तक जाने वाली सड़क को जल्द बनवाया जाए.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शन में गंगवा का डेरा और बच्ची का डेरा के ग्रामीणों के साथ ग्राम पंचायत चंदूपुर के स्कूली बच्चे भी शामिल रहे. बच्चों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और डीएम गेट पर बैठ गए. उनका कहना था कि खराब रास्ते और कीचड़ के बीच से होकर उन्हें रोज स्कूल जाना पड़ता है.
'स्कूल की सड़क बनवा दो, कीचड़ से होकर जाना पड़ता है'
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने अपनी परेशानी बताते हुए स्कूल तक सड़क बनवाने की मांग की. उनका कहना है कि रास्ते की हालत इतनी खराब है कि उन्हें कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है. ग्रामीणों का दावा है कि आजादी के बाद से अब तक गांव में पक्की सड़क नहीं बनी है. ऐसे में बारिश के दिनों में बच्चों की मुश्किल और बढ़ जाती है.
बच्चों के लिए स्कूल जाना रोज का काम है, लेकिन रास्ते की बदहाली ने इसे परेशानी में बदल दिया है. इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का फैसला किया.
'सड़क का काम शुरू होने तक यहीं बैठेंगे'
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल थे. तिरंगे के साथ सड़क बनवाने की मांग को लेकर उनका प्रदर्शन काफी देर तक चलता रहा. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने अपनी मांग साफ कर दी है. उनका कहना है कि जब तक स्कूल की सड़क का काम शुरू नहीं होता, वे कलेक्ट्रेट से नहीं हटेंगे. उनका कहना है कि सड़क बनना उनके लिए सुविधा नहीं, बल्कि बच्चों की रोजमर्रा की जरूरत है.
ADVERTISEMENT











