Train Birthday Celebration: नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में ऑन-ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा ट्रेन के कोच के अंदर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. झांसी से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन के 23 सेकेंड के वीडियो में वर्दी पहने कर्मचारी अपने साथी का केक काटते और फूल-माला पहनाकर बर्थडे सेलिब्रेट करते नजर आ रहे हैं. मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. बता दें इससे पहले 6 जुलाई 2026 को नंदीग्राम एक्सप्रेस में हनीमून सुइट (खास कमरा या कमरों का एक निजी सेट) बनाए जाने का मामला भी चर्चा में रहा था.
ADVERTISEMENT
कोच के अंदर मनाया गया जन्मदिन
वायरल वीडियो शताब्दी एक्सप्रेस के कोच के अंदर रेलवे का टिकट चेकिंग स्टाफ का बताया जा रहा है. वीडियो में कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अपने साथी का जन्मदिन मनाते नजर आते हैं. केक काटने के साथ-साथ साथी कर्मचारी उसे फूलों की माला भी पहनाते दिखाई देते हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना तीन से चार दिन पुरानी है. वीडियो में दिखाई दे रहे वर्दी पहने टिकट चेकिंग स्टाफ नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस के बताए जा रहे हैं.
वायरल वीडियो के बाद रेलवे ने लिया संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों द्वारा ट्रेन के कोच के भीतर इस तरह जन्मदिन मनाने की घटना को लेकर रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है. इससे पहले नंदीग्राम एक्सप्रेस में हनीमून सुइट बनाए जाने के मामले में टिकट चेकिंग स्टाफ पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया था. ऐसे में इस मामले पर भी सभी की नजर बनी हुई है.
पीआरओ मनोज कुमार ने क्या बताया?
झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया 'बर्थडे सेलिब्रेशन का यह वीडियो हमारे संज्ञान में आया है. रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.' फिलहाल रेलवे यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया. जांच पूरी होने के बाद संबंधित कर्मचारियों की भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











