UP Governor Anandiben Patel: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उच्च शिक्षा में बेटियों की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताई है. आजमगढ़ की महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता का जश्न मनाने के साथ-साथ लड़कों की उच्च शिक्षा में भागीदारी और प्रदर्शन सुधारने पर भी बराबर ध्यान देना होगा.
ADVERTISEMENT
इस दीक्षांत समारोह में कुल 63,071 छात्रों को डिग्रियां दी गईं. इनमें 42,724 छात्राएं और 20,347 छात्र शामिल रहे. डिग्री पाने वाले छात्रों में लड़कियों की संख्या लड़कों से करीब दोगुनी रही.
डिग्री पाने वालों में दो-तिहाई लड़कियां
आनंदीबेन पटेल ने कहा कि दीक्षांत समारोह में करीब दो-तिहाई डिग्रियां बेटियों को मिली हैं. उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ मेडल हासिल करने में भी छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की.
राज्यपाल ने कहा कि बेटियों की इस सफलता को जरूर सेलिब्रेट करना चाहिए, लेकिन लड़कों की शिक्षा को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उनके मुताबिक, उच्च शिक्षा में लड़कों की अपेक्षाकृत कम संख्या और प्रदर्शन चिंता का विषय है.
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि कई लड़के रोजगार की तलाश में राज्य या अपने क्षेत्र से बाहर चले जाते हैं. इसी वजह से उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी तुलनात्मक रूप से कम रहती है.
रोजगार से जोड़नी होगी पढ़ाई
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय और उससे जुड़े कॉलेजों को छात्रों के लिए रोजगार से जुड़ी शिक्षा और स्किल्स पर प्रभावी तरीके से काम करने का निर्देश दिया. उनका जोर इस बात पर रहा कि पढ़ाई ऐसी हो, जिससे छात्रों को आगे रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.
दीक्षांत समारोह में 74 छात्रों को कुल 88 मेडल दिए गए. इनमें लड़कियों ने 48 और लड़कों ने 26 मेडल हासिल किए. राज्यपाल ने यह भी बताया कि मेडल पाने वाले छात्रों में बड़ी संख्या ग्रामीण इलाकों से थी. उन्होंने कहा कि गांवों के छात्र भी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं और यह एक सकारात्मक बदलाव है.
ADVERTISEMENT











