Etawah Woman Constable Priyanka Death News: इटावा में सैफई थाने में तैनात 2019 बैच की महिला आरक्षी प्रियंका की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई. हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में पीजीआई सैफई रेफर किया गया था. उपचार के दौरान प्रियंका ने दम तोड़ दिया. वह मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थीं और इटावा पुलिस लाइन में रह रही थीं. मामले में प्रियंका के पिता नाथीराम की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने उनके पति रजत को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
तीन साल पहले की थी लव मैरिज
प्रियंका के भाई सौरभ कुमार के मुताबिक, उनकी बहन की पहचान सहारनपुर निवासी रजत से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और करीब तीन साल पहले उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया था. परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. भाई ने आरोप लगाया कि रजत प्रियंका को डराकर रखता था और उसके सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद करवा दिए थे. प्रियंका की दो बेटियां हैं. परिवार के मुताबिक, घरेलू विवाद और कथित प्रताड़ना के कारण वह करीब आठ महीने तक अपने मायके में भी रही थी.
परिवार ने पैसों को लेकर लगाए आरोप
मृतका के भाई सौरभ ने आरोप लगाया कि प्रियंका पर लोन लेने का दबाव बनाया गया था. परिवार के मुताबिक, पहले करीब 5 लाख रुपये का लोन लिया गया और बाद में दोबारा 5 से 7 लाख रुपये की मांग की जा रही थी. परिजनों का आरोप है कि लगातार दबाव और प्रताड़ना से प्रियंका परेशान थी. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. प्रियंका की मौत के बाद उनके शव को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के शवगृह में रखा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने बताया, थाना सैफई में तैनात महिला आरक्षी द्वारा विषैले पदार्थ का सेवन करने और उपचार के दौरान मृत्यु होने के संबंध में थाना सिविल लाइन पर अभियोग पंजीकृत किया गया है. आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इटावा पुलिस लाइन में करीब एक महीने के भीतर महिला आरक्षी की मौत का यह दूसरा मामला सामने आया है. पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











