दारोगा जी टिकट लेने से कर रहे थे मना, कंडक्टर नहीं माना तो इस तरह दिखाई वर्दी की पावर! यात्री भी हो गए परेशान

राजेश सिंघल

07 Aug 2026 (अपडेटेड: 07 Aug 2026, 07:33 PM)

हाथरस में रोडवेज बस में सफर कर रहे एक दारोगा पर टिकट कटने के बाद बस को कई जगह रुकवाकर यात्रियों को परेशान करने का आरोप लगा है.

UP Tak

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Source - AI Generated)

Google CTA

उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि रोडवेज बस में सफर कर रहे एक यूपी पुलिस के दारोगा का टिकट काटने के बाद बस को कई जगह रुकवाकर यात्रियों को परेशान किया गया.

यह भी पढ़ें...

इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बस कंडक्टर का दावा है कि टिकट काटने के बाद दारोगा ने अपनी वर्दी का रौब दिखाया और बस को बार-बार रुकवाकर चेकिंग कराई. अब लोग सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर उस दिन बस में ऐसा क्या हुआ था?

टिकट काटने के बाद शुरू हुआ पूरा विवाद

जानकारी के मुताबिक, हाथरस में रोडवेज बस में यात्रा कर रहे एक दारोगा का टिकट बस कंडक्टर ने नियम के मुताबिक काटा. आरोप है कि इसके बाद दारोगा नाराज हो गए और बस को रास्ते में कई जगह रुकवाया.

बस कंडक्टर का कहना है कि हाथरस पहुंचने के बाद सबसे पहले सदर कोतवाली क्षेत्र में बस रुकवाई गई और उसकी फोटो खिंचवाई गई. इसके बाद सासनी थाने पर बस को रोका गया और फिर हनुमान चौकी पर पूरी बस की चेकिंग कराई गई. कंडक्टर का आरोप है कि यह सब सिर्फ टिकट काटने की वजह से हुआ.

कंडक्टर ने लगाए गंभीर आरोप

कंडक्टर का कहना है कि चेकिंग के नाम पर बस को करीब आधे घंटे तक रोके रखा गया. इस दौरान चालक, कंडक्टर और बस में बैठे यात्रियों को बेवजह परेशानी झेलनी पड़ी. उसका दावा है कि चेकिंग के दौरान बस का चालान भी काटा गया.

यात्रियों ने भी जताई नाराजगी

बस में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने भी आरोप लगाया कि टिकट बनने के बाद ही पूरा विवाद शुरू हुआ. उनका कहना है कि बार-बार बस रुकने से कई यात्रियों को देर हुई. बारिश के बीच छोटे बच्चों और तीर्थयात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

आगरा से हरिद्वार जा रही थी बस

बताया गया कि यह आगरा फाउंड्रीनगर डिपो की सुपरफास्ट रोडवेज बस थी, जो आंवलखेड़ा और शांतिकुंज आश्रम होते हुए हरिद्वार जा रही थी. कंडक्टर ने आरोप लगाया कि चेकिंग के नाम पर बस में सवार यात्रियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया.

फिलहाल, इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस का पक्ष आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी.