Bhadohi Instagram Creator Case: उत्तर प्रदेश के भदोही में अश्लील हरकतों की शिकायत लेकर थाने पहुंची एक इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर युवती का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई हुई है. आरोप है कि ज्ञानपुर कोतवाली में तैनात दारोगा श्याम नारायण यादव ने युवती की शिकायत सुनने के बजाय उसे अपमानित कर थाने से भगा दिया. युवती ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया, जिसके बाद मामला सामने आया. एसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए दारोगा को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. वहीं, युवती की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
युवती ने बताई आपबीती
मामला ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र का है. यहां रहने वाली युवती इंस्टाग्राम पर डांसिंग वीडियो बनाती है. पीड़िता का आरोप है कि जब वह घर से बाहर निकलती है तो गांव के बहाल दुबे, संदीप यादव और उनके सहयोगी उसके साथ अश्लील हरकतें करते हैं और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं. इसी शिकायत को लेकर युवती अपनी मां के साथ थाने पहुंची थी. वह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी.
दारोगा पर शिकायतकर्ता को ही डांटकर भगाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, थाने में मौजूद दारोगा श्याम नारायण यादव ने उसकी शिकायत सुनने के बाद उसे डांट दिया. युवती का आरोप है कि दारोगा ने उससे कहा 'तुम वीडियो बनाती हो ना, जाओ तुम इसी लायक हो.' इस व्यवहार से आहत युवती ने थाने में हुई बातचीत का वीडियो बना लिया. इसके बाद उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर अपनी पूरी आपबीती बताई. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों तक मामला पहुंचा.
दारोगा निलंबित, दो आरोपियों के खिलाफ FIR
वीडियो सामने आने के बाद भदोही के एसपी ने दारोगा श्याम नारायण यादव को निलंबित कर दिया. उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं. दूसरी ओर, युवती की शिकायत के आधार पर अश्लील हरकत करने के आरोप में बहाल दुबे और संदीप यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. मामले को लेकर यूपी कांग्रेस ने भी वीडियो शेयर करते हुए सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं.
ADVERTISEMENT











