IPS आशुतोष मिश्रा की मां की मौत में आया नया मोड़, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बताई ये वजह

केके पांडेय

17 Aug 2026 (अपडेटेड: 17 Aug 2026, 10:27 AM)

अंबेडकरनगर में लखनऊ में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की मौत के मामले में जांच के बाद कहानी बदलती नजर आ रही है. शुरुआत में घर में महिला का शव मिलने, मुंह में कपड़ा ठूंसे होने और गहने गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद हत्या और लूट की आशंका जताई गई थी.

IPS Ashutosh Mishra Mother Death Case

IPS Ashutosh Mishra Mother Death Case (Photo Edit By AI)

Google CTA

IPS Ashutosh Mishra Mother Death Case: अंबेडकरनगर में लखनऊ में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की मौत के मामले में जांच के बाद कहानी बदलती नजर आ रही है. शुरुआत में घर में महिला का शव मिलने, मुंह में कपड़ा ठूंसे होने और गहने गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद हत्या और लूट की आशंका जताई गई थी. हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमार्टम के मुताबिक मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है. वहीं महिला के गहने गायब होने का सवाल अभी भी पुलिस जांच का हिस्सा बना हुआ है.

यह भी पढ़ें...

सुबह मिली थी महिला की मौत की सूचना

मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के धवरवा गांव का है. यहां IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां घर में अकेली रहती थीं. रविवार सुबह करीब 8 बजे रमेश चंद्र मिश्रा ने थाना मालीपुर को सूचना दी कि आशुतोष मिश्रा की मां का हार्ट अटैक से निधन हो गया है. इसके बाद करीब 2:30 बजे आशुतोष मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका है कि उनकी मां की हत्या की गई है और उनके शरीर पर पहने हुए जेवर भी मौजूद नहीं हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और पंचायतनामा की कार्रवाई की गई.

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि नहीं

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान महिला के शरीर पर कोई जाहिरा चोट या फाइट मार्क्स नहीं मिले. इसके बाद शव का तीन डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस के अनुसार 'पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कॉज ऑफ डेथ में वीरा प्रिजर्व होना आया है. हार्ट को हिस्टोपैथोलॉजिकल एनालिसिस के लिए भेजा जाएगा, जिससे कार्डियक अरेस्ट की स्थिति पर स्पष्टता आ सके.' पुलिस का कहना है कि अभी तक हत्या की पुष्टि करने वाला कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है. हालांकि, गहने गायब होने के मामले को लेकर जांच जारी है.

15 अगस्त को गांव आए थे IPS अधिकारी

आशुतोष मिश्रा 15 अगस्त को गांव के एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और शाम को वापस लखनऊ लौट गए थे. इसके बाद उनकी मां घर में अकेली थीं. अगले दिन उनकी मौत की जानकारी सामने आई और शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर हत्या की आशंका जताई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या रेंज के IG समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस का फोकस मौत की वास्तविक वजह और गायब जेवर से जुड़े सवालों पर है.

गहने कैसे गायब हुए? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है. हालांकि, महिला के गहने गायब होने की बात सामने आने के बाद यह पहलू अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है. पुलिस इस मामले में सभी तथ्यों की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मौत की वजह को लेकर हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच की रिपोर्ट भी अहम मानी जा रही है.