Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के बाजिदपुर में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक युवक के साथ जो हैवानियत की, उसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठेगी. बीच सड़क पर दबंगों का खूनी खेल अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित युवक के पिता ने जो आरोप लगाए हैं, वे हैरान करने वाले हैं. उनका कहना है कि दबंगों ने उनके बेटे को लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. इतना ही नहीं, गले में गमछे का फंदा डालकर उसे सड़क पर घसीटा गया और फिर बेहोशी की हालत में उसे पेशाब तक पिलाया.
पुरानी रंजिश का खूनी बदला
पीड़ित के पिता के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही धारा 308 के तहत कोर्ट में मुकदमा चल रहा था और 28 तारीख को इस मामले की पेशी थी. इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए गिजरपुर के रहने वाले दबंगों ने पूरी प्लानिंग की.
जैसे ही युवक बाजिदपुर पहुंचा, दबंगों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया. बीच बाजार लाठी-डंडों और सरियों से उसे बेरहमी से पीटा गया और फिर घसीटते हुए अपने गांव ले गए, जहां उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं.
जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा युवक
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी और बर्बरता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस की कार्रवाई और डीएसपी का बयान
मामला तूल पकड़ते ही पुलिस हरकत में आई. सिकंदराराऊ थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
डीएसपी अमित पाठक ने बताया,
"मामला सिकंदराराऊ क्षेत्र के बाजिदपुर का है. घटना का वीडियो संज्ञान में आने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. जल्द ही सभी दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी."
ADVERTISEMENT











