उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सिगरा थाना क्षेत्र से एक खौफनाक मामला सामने आया है. पुरानी मारपीट का बदला लेने की नीयत से एक युवक ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर अपने ही 19 साल के करीबी दोस्च ईशू कन्नौजिया की चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी. सबूत छिपाने के लिए आरोपियों ने यूट्यूब से तरीका देखकर शव के पांच टुकड़े किए और बोरे में भरकर गोबर के गड्ढे में फेंक दिया. पुलिस ने कॉल डिटेल और CCTV फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी समेत तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर क्षत-विक्षत शव बरामद कर लिया है.
ADVERTISEMENT
6 अगस्त से लापता था ईशू कन्नौजिया
पुलिस के अनुसार, सिगरा क्षेत्र के शिवपुरवा के रहने वाला 19 साल का ईशू कन्नौजिया 6 अगस्त से लापता था. परिजनों ने 17 अगस्त को सिगरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने सर्विलांस और जांच की कमान संभाली. जब ईशू के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली गई तो पुलिस को अंतिम कॉल उसके दोस्त प्रदीप की मिली. शक के आधार पर हिरासत में लिए गए प्रदीप ने पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे अपना जुर्म कबूल कर लिया.
शराब पिलाने के बाद चापड़ से किए शव के टुकड़े
पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रदीप ने खुलासा किया कि 3 अगस्त को शराब पीने के दौरान ईशू ने उसकी पिटाई कर दी थी. इस अपमान का बदला लेने के लिए उसने हत्या की साजिश रची. 6 अगस्त की रात प्रदीप ने ईशू को बुलाया और 7 अगस्त की दोपहर उसे लहरतारा-महमूरगंज स्थित रेलवे के खंडहरनुमा क्वार्टर में ले गया. वहां ईशू को अत्यधिक शराब पिलाई गई. इसके बाद प्रदीप के सगे भाई रामकृष्ण और दोस्त रोहित ने ईशू को दबोच लिया जबकि प्रदीप ने चापड़ से वार कर उसका सिर और धड़ अलग कर दिया.
यूट्यूब देखकर सबूत छिपाने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दुर्गंध न फैले इसके लिए यूट्यूब पर शव ठिकाने लगाने का तरीका देखा. इसके बाद उन्होंने ईशू के शव के पांच टुकड़े कर उसे प्लास्टिक के बोरे में भरा और गोबर के गड्ढे में दबा दिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोबर के गड्ढे से क्षत-विक्षत शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया कि 'लापता युवक के संबंध में जांच के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनकी निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.'
ये भी पढ़ें: आरक्षण हटाओ आंदोलन करने वाले प्रदर्शनकारियों से लखनऊ में मिले डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, दो दिन बाद क्या होगा?
ADVERTISEMENT











