Varanasi Restaurant Attack News: वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली चांदमारी में रेस्टोरेंट में मैगी नहीं मिलने पर युवकों द्वारा हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवकों ने रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ के साथ मारपीट की, सामान तोड़ा और हर महीने 5 हजार रुपये रंगदारी देने की मांग की. इसके बाद दोबारा पहुंचे आरोपियों ने रेस्टोरेंट से जुड़े एक व्यक्ति की कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी. घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने 9 नामजद समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
आधी रात बंद रेस्टोरेंट में पहुंचे युवक
रेस्टोरेंट संचालक आदित्य सोनकर की शिकायत के मुताबिक, 12-13 अगस्त की रात करीब 12 बजे कुछ युवक शराब के नशे में रेस्टोरेंट पहुंचे थे. उस समय रेस्टोरेंट बंद था और आदित्य अपने ममेरे भाई के साथ सो रहे थे. आरोप है कि युवकों ने उन्हें जगाया और मैगी मांगी. जब मैगी देने से मना किया गया तो युवक भड़क गए. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए संचालक और उनके ममेरे भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावर हॉकी, डंडे और रॉड लेकर आए थे.
हॉकी-डंडे से की तोड़फोड़
शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की और सामान क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद नीचे खड़ी रेस्टोरेंट संचालक के परिजन की मारुति स्विफ्ट कार के शीशे भी तोड़ दिए गए. पड़ोसी दुकान के साइन बोर्ड को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है. संचालक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और हर महीने 5 हजार रुपये रंगदारी मांगी. शिकायत के मुताबिक धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर इलाके में कैफे नहीं चलाने दिया जाएगा.
कार में पेट्रोल डालकर लगाई आग
रेस्टोरेंट संचालक का आरोप है कि 15 अगस्त की देर रात करीब 3 बजे आरोपी फिर वहां पहुंचे. इस दौरान उनके चचेरे भाई गोविंद कुमार सोनकर की कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. पास में लगे ट्रांसफॉर्मर के कुछ विद्युत उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप है. शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है.
9 नामजद समेत 10-12 अज्ञात पर केस
कैंट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभिषेक रघुवंशी उर्फ पंतु, सन्नी सिंह, आदित्य रघुवंशी, शशिभूषण उपाध्याय उर्फ चूंडी, अभिजीत ओझा, अंशुमान सिंह, अरुण सिंह और शाश्वत पांडेय समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, मामले में 9 नामजद आरोपियों के अलावा 10-12 अज्ञात लोगों का भी जिक्र है. पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है. फिलहाल पुलिस ने मामले में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है.
ADVERTISEMENT











