उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के जानसठ कस्बे से एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है. यहां बुध बाजार स्थित सैकड़ों साल पुरानी एक जर्जर इमारत देखते ही देखते भरभरा कर जमीन पर आ गिरी. इमारत की भारी-भरकम दीवारें पास के एक मकान पर जा गिरीं जिससे पूरी गली मलबे और धूल के गुबार से पट गई.
ADVERTISEMENT
हालांकि हादसे से ठीक पहले प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी के चलते आसपास के मकानों को खाली करा लिया गया था जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान-माल का नुकसान नहीं हुआ.
कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
बुध बाजार में स्थित इस पुरानी इमारत की दीवारें अचानक दरकना शुरू हो गई थीं. मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए चिल्लाते और भागते नजर आए 'पीछे हट जाओ, कोई सामने मत आना, घरों से बाहर निकल जाओ.'
देखते ही देखते इमारत की दीवारें हिलने लगीं और महज कुछ ही सेकंड में पूरी बिल्डिंग ताश के पत्तों की तरह ढह गई. इमारत गिरते ही इलाके में धूल का गुबार छा गया और चीख-पुकार मच गई.यह पूरा वाकया वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
स्थानीय प्रशासन और नगर पंचायत की टीम को पहले ही सूचना मिल गई थी कि जर्जर इमारत कभी भी गिर सकती है. सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पंचायत के कर्मचारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के मकानों को खाली करवाया और इलाके में बैरिकेडिंग लगवानी शुरू कर दी. इसी बीच इमारत अचानक ढह गई और उसका मलबा पास की एक बिल्डिंग के छज्जे पर जा गिरा.अगर प्रशासन की टीम ने समय रहते मकान खाली न करवाए होते तो कई जानें जा सकती थीं.
मुगलकालीन रानी का महल बताई जा रही है इमारत
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह इमारत सैकड़ों साल पुरानी है और इसे मुगल काल के दौरान बनवाया गया था. क्षेत्र में इसे रानी का महल के नाम से जाना जाता था.घटना के बाद नगर पंचायत और प्रशासनिक टीम जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने के कार्य में जुट गई है.एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
ADVERTISEMENT











