Kanpur 16 Rupees Clothing Offer News: कानपुर में बेटे के जन्मदिन पर महज 16 रुपये में कपड़े बेचने का ऑफर एक दुकानदार के लिए मुसीबत बन गया. 15 अगस्त की आधी रात सोशल मीडिया पर ऑफर का वीडियो वायरल होने के बाद अनवरगंज की अलम मार्केट में 3 से 4 हजार लोगों की भीड़ पहुंच गई. भीड़ बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कई लोग गिरकर घायल हो गए. हालात बिगड़ते देख दुकानदार रईस आलम दुकान पर ताला लगाकर वहां से निकल गया. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया.
ADVERTISEMENT
16 रुपये में कपड़े खरीदने का था ऑफर
मामला अनवरगंज थाना क्षेत्र की अलम मार्केट का है. यहां रईस आलम की होजरी की दुकान है. 15 अगस्त को उनके बेटे का जन्मदिन था. इसी मौके पर रात 11 बजकर 59 मिनट पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें बताया गया कि ग्राहक महज 16 रुपये में सूट, जींस, शर्ट या कोई अन्य रेडीमेड कपड़ा खरीद सकते हैं. हालांकि, ऑफर का लाभ लेने के लिए सिर्फ 16 मिनट का समय दिया गया था.
ऑफर वायरल होते ही उमड़ी हजारों की भीड़
सोशल मीडिया पर ऑफर तेजी से फैलने के बाद आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग दुकान पहुंचने लगे. कुछ ही देर में करीब 3 से 4 हजार लोगों की भीड़ जमा हो गई. दुकान के बाहर लंबी कतार लग गई और लोग ऑफर का लाभ लेने के लिए आगे बढ़ने लगे. इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े. इससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए.
पुलिस ने संभाला सबकुछ
भीड़ की सूचना पर अनवरगंज और बेगमगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. कई थानों की फोर्स के साथ एसीपी मंजय सिंह भी पहुंचे. पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों को पीछे हटने की अपील की और लाठी पटककर भीड़ को नियंत्रित किया. काफी मशक्कत के बाद स्थिति संभाली गई. वहीं दुकानदार रईस आलम दुकान बंद कर फरार हो गया. उसका भाई दुकान के बाहर मिला, जिसे पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई.
एसीपी मंजय सिंह ने क्या बोला?
एसीपी मंजय सिंह ने बताया रईस आलम ने अपने बेटे के जन्मदिन पर 16 रुपये में कपड़े देने का ऑफर रखा था, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग दुकान पर पहुंच गए. उन्होंने कहा कि दुकानदार ने बिना अनुमति इतनी बड़ी भीड़ जुटाई, जिससे कानून-व्यवस्था और लाइन व्यवस्था की समस्या पैदा हुई. एसीपी के मुताबिक मामले में दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











