वाराणसी में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान है. मंडुआडीह थाना क्षेत्र के एक ऑटोमोबाइल शोरूम में चोर ने शीशे का दरवाजा कटर से काटकर एंट्री की और करीब साढ़े चार घंटे तक अंदर आराम से घूमता रहा. उसने चाय-कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया और फिर म्यूजिक चलाकर जमकर डांस किया.
ADVERTISEMENT
हद तो तब हो गई जब चोर ने शोरूम में रखे बाइक के कवर को लुंगी की तरह लपेट लिया और डांस करने लगा. इसके बाद उसने शोरूम की एक ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी और करीब 4.71 लाख रुपये कीमत की KTM Adventure 390 S बाइक लेकर फरार हो गया. पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है.
बारिश से बचने के लिए बैनर ओढ़ा, फिर काटा शीशा
शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे स्टाफ शोरूम बंद करके चला गया था. उनकी करीब तीन महीने पुरानी KTM बाइक चाबी के साथ अंदर खड़ी थी.
रात करीब 11:30 बजे सफेद शर्ट और जींस पहना एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा. उसके हाथ में देवी माता की तस्वीर थी. इसी दौरान बारिश शुरू हो गई तो उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर खुद को ढक लिया. इसके बाद कटर से शोरूम के कांच का दरवाजा काटने लगा. करीब 36 मिनट की कोशिश के बाद रात 12:06 बजे वह अंदर घुसने में सफल हो गया.
कंप्यूटर पर बैठा, कॉफी पी और फिर नहाया
अंदर पहुंचते ही चोर ने कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर काफी देर तक घूमता रहा. इसके बाद उसने मिनी फ्रिज से पानी निकाला और फिर कॉफी मशीन से गर्म कॉफी बनाकर पी.
इसके बाद वह बेफिक्र होकर शोरूम के वॉशरूम में चला गया और वहां नहाया. नहाने के बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए डाल दिए.
फिर उसने एक नई बाइक का कवर फाड़ा और उसे लुंगी की तरह पहन लिया. कंप्यूटर पर गाने बजाए और काफी देर तक ‘लुंगी डांस’ करता रहा. चोरी करने आया युवक शोरूम के अंदर इस तरह बेफिक्र था, जैसे उसे किसी के आने की कोई चिंता ही नहीं थी.
KTM लेकर हुआ फरार
शोरूम से निकलने से पहले चोर ने वहां की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी. उसने बाइक का एक नया कवर भी उठाया और फिर सुबह करीब 4 बजे मैनेजर की KTM बाइक स्टार्ट कर वहां से फरार हो गया. सुबह सिक्योरिटी गार्ड ने शोरूम का टूटा हुआ कांच देखा तो मैनेजर को सूचना दी. इसके बाद चोरी की इस पूरी वारदात का पता चला.
CCTV और फिंगरप्रिंट से तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया.
मंडुआडीह थाना प्रभारी अजय वर्मा के मुताबिक, CCTV फुटेज और फिंगरप्रिंट्स की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर KTM बाइक बरामद करने की कोशिश की जा रही है.
ADVERTISEMENT











