यूपी Tak के खास शो 'आज का यूपी' में हम राज्य की तीन बड़ी और बेहद अहम खबरों का विस्तृत विश्लेषण करते हैं.आज की सबसे बड़ी खबरों अतीक अहमद के छोटे बेटे की मौत के बाद जनाजे में पहुंचे अतीक के बेटों (अली और उमर) द्वारा असदुद्दीन ओवैसी के लिए भेजा गया खास सलाम और पैगाम से जुड़ी है. दूसरी खबर अतीक के परिवार से दूरी बनाने को लेकर शायर और कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी पर खड़े होते सवाल और AIMIM का हमला, और तीसरी खबर बसपा नेता आकाश आनंद द्वारा अखिलेश यादव और राहुल गांधी को 'अंकल' बताकर खुद को 'Gen-Z' और युवाओं के नेता के रूप में स्थापित करने की नई राजनीतिक रणनीति शामिल है.
ADVERTISEMENT
अतीक के बेटों ने मस्जिद में ओवैसी के लिए भेजा पैगाम, शौकत अली का बड़ा दावा
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की दुखद मृत्यु के बाद उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया जिसके बाद जेल में बंद अतीक के दोनों बड़े बेटे अली और उमर वापस अपनी-अपनी जेलों में भेज दिए गए. हालांकि जनाजे और सुपुर्द-ए-खाक की प्रक्रिया के दौरान असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के यूपी प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की मुलाकात मस्जिद में अली और उमर से हुई.
बहराइच के मटेरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शौकत अली ने इस मुलाकात का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि मस्जिद में नमाज के दौरान अली और उमर ने भीड़ में भी उन्हें पहचान लिया और कहा 'चाचा, सदर साहब (बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी) को हमारा सलाम कहिएगा.'
शौकत अली ने इस वाकये को सियासी मोड़ देते हुए कहा कि जब अतीक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा, तब पूरे देश का कोई बड़ा मुस्लिम नेता उनके साथ खड़ा नहीं हुआ. 2021 में ओवैसी ने अतीक की पत्नी शास्ता परवीन को पार्टी में शामिल कराया था और आज भी AIMIM इस परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति दर्शा रही है.
इमरान प्रतापगढ़ी पर भड़की AIMIM
अतीक अहमद के छोटे बेटे के निधन के बाद कांग्रेस सांसद और मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल हो रहे हैं. शौकत अली ने भी अपनी जनसभा में बिना सीधे नाम लिए इमरान प्रतापगढ़ी पर जमकर निशाना साधा.
शौकत अली ने कहा कि जो लोग कभी अतीक अहमद को अपना पिता, रहबर और मसीहा बताते थे और उनके नाम पर शेरो-शायरी करके नेता बने. आज वही लोग अतीक के बच्चे की मौत पर एक लाइन की संवेदना तक व्यक्त करने नहीं आए. पिछले 24 से 48 घंटों में इमरान प्रतापगढ़ी के पुराने वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं जिनमें वे अतीक अहमद के मंचों पर शायरी करते दिखते हैं. AIMIM अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और इमरान प्रतापगढ़ी को घेरने में जुटी है.
राहुल-अखिलेश को 'अंकल' बताकर आकाश आनंद की 'Gen-Z' चाल
हाथरस में एक रैली को संबोधित करते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को 'अंकल' कहकर संबोधित किया.30 वर्षीय आकाश आनंद ने तर्क दिया कि 50-52 साल की उम्र के नेताओं को वे अंकल नहीं तो और क्या कहें?
राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक, आकाश आनंद का यह बयान सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है. वे खुद को युवाओं और Gen-Z के नेता के रूप में पेश करना चाहते हैं ताकि भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला किया जा सके. बसपा अब दलित युवाओं और Gen-Z वोट बैंक को वापस खींचने के लिए आक्रामक रुख अपना रही है. मायावती ने भी अपनी हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'Gen-Z' शब्द का कई बार इस्तेमाल किया.
दूसरी ओर जब संसद भवन में अखिलेश यादव से आकाश आनंद के 'अंकल' वाले बयान पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह कोई बहस का मुद्दा नहीं है और उनके संबंध बहुजन समाज पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से हमेशा अच्छे रहे हैं.
ADVERTISEMENT











